मंत्री सरयू राय बोले, जल संरक्षण के लिए करना होगा विकास की रफ्तार को नियोजित
राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने कहा है कि जल संरक्षण के लिए विकास की रफ्तार को नियोजित करना जरूरी है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने कहा है कि जल संरक्षण के लिए विकास की रफ्तार को नियोजित करना जरूरी है। राय स्थानीय ग्रेजुएट कॉलेज में जल जागरण, जन जागरण कार्यक्रम सह पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में बोल रहे थे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरयू राय तथा विशिष्ट अतिथि कोल्हान विवि की कुलपति प्रोफेसर डॉ. शुक्ला माहांती रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत कोल्हान श्विविद्यालय के कुलगीत से हुआ। छात्राओं को संबोधित करते हुए मंत्री सरयू राय ने कहा कि जल की कमी एक बड़ी समस्या बन गई है। जल संरक्षण की दिशा में सर्वप्रथम हमें विकास की रफ्तार को नियोजित करना होगा। जल संरक्षा अभियान को सफल बनाने में हम सभी को व्यक्तिगत, सामूहिक, सामाजिक स्तर पर प्रयास करना होगा।
डॉ कमलेंदु ने लिखी है किताब
इस कार्यक्रम में इतिहास विभाग के प्राध्यापक डॉ. कमलेश कुमार कमलेंदु की पुस्तक भारतीय इतिहास के प्रमुख विषय वस्तु का विमोचन भी मंत्री सरयू राय ने किया। इस मौके पर डॉ. कमलेंदु ने अपनी पुस्तक के बारे में कहा कि यह पुस्तक पाठ्यपुस्तक के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती है। इस मौके पर अतिथियों का स्वागत प्रभारी प्राचार्य डॉ. डीके धंजल ने किया। कार्यक्रम का संचालन भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. किरण दूबे एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी ने किया। इस मौके पर एनसीसी, एनएसएस की छात्राओं के अलावा सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।