Move to Jagran APP

मुसाबनी में 54 वर्ष से चल रहा डुमरिया का प्रखंड कार्यालय, लोगों को तय करनी पड़ती लंबी दूरी Jamshedpur News

पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर डुमरिया प्रखंड है। इस प्रखंड का गठन 1965 में ही हो गया था लेकिन तब से आज तक यह मुसाबनी में ही चल रहा है।

By Rakesh RanjanEdited By: Published: Tue, 09 Jul 2019 11:44 AM (IST)Updated: Tue, 09 Jul 2019 11:44 AM (IST)
मुसाबनी में 54 वर्ष से चल रहा डुमरिया का प्रखंड कार्यालय, लोगों को तय करनी पड़ती लंबी दूरी Jamshedpur News
मुसाबनी में 54 वर्ष से चल रहा डुमरिया का प्रखंड कार्यालय, लोगों को तय करनी पड़ती लंबी दूरी Jamshedpur News

जमशेदपुर, वीरेंद्र ओझा।  पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर डुमरिया प्रखंड है। इस प्रखंड का गठन 1965 में ही हो गया था, लेकिन तब से आज तक यह मुसाबनी में ही चल रहा है। डुमरिया प्रखंड की आबादी लगभग 65 हजार है, लेकिन इन्हें प्रखंड कार्यालय आने के लिए 15 से 20 किलोमीटर तक की दूरी तय करनी पड़ती है। यह विडंबना ही है कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी डुमरिया का प्रखंड कार्यालय मुसाबनी में चल रहा है। 

loksabha election banner

छमटागोड़ा (डुमरिया) के मूल निवासी पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा बताते हैं कि अधिकारियों ने अपनी सुविधा के लिए ऐसा किया है। जब इस प्रखंड का गठन हुआ था, तो मुसाबनी में बानालोपा माइंस के पास  किराये के मकान में कार्यालय चलता था। उस स्थान को बानालोपा डीवीसी के नाम से जाना जाता था। यह स्थान वर्तमान डुमरिया प्रखंड की सीमा से करीब 15 किलोमीटर दूर था। इसके बाद मुसाबनी प्रखंड का गठन हुआ, तो मुसाबनी बाजार के पास मुसाबनी का प्रखंड कार्यालय खुला। कुछ दिनों बाद किराये के मकान से हटकर डुमरिया प्रखंड कार्यालय मुसाबनी प्रखंड कार्यालय परिसर में आ गया।

स्थानीय लोग इसे अपनी जमीन में स्थानांतरित करने की मांग करते-करते थक गए, लेकिन यह टस से मस नहीं हुआ। करीब 10 वर्ष पूर्व डुमरिया सीमा से करीब एक किलोमीटर दूर मुसाबनी का अंचल कार्यालय बना तो डुमरिया का प्रखंड कार्यालय वहां शिफ्ट कर दिया गया। बेसरा बताते हैं कि पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय के अधिकारियों या प्रखंड कार्यालय के कर्मचारियों को मुसाबनी बाजार के आसपास का इलाका सुरक्षित लगता है, इसलिए उन्होंने इसे कभी स्थानांतरित होने नहीं दिया।

 नक्सल प्रभावित रहा है यह प्रखंड

डुमरिया की आबादी उतनी घनी नहीं है, इसलिए प्रशासन या सरकार ने भी इसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई। पिछले दिनों यह इलाका नक्सलवाद से काफी प्रभावित भी रहा, जिससे अधिकारियों की धारणा नहीं बदली। हालांकि अब सरकार डुमरिया प्रखंड की जमीन पर प्रखंड कार्यालय खोलने की पहल कर रही है, लेकिन वह भी बीच में नहीं, बल्कि मुसाबनी की सीमा के पास ही खोलने की योजना है। कुल मिलाकर अधिकारी मुसाबनी से दूर नहीं जाना चाहते हैं। 

डुमरिया का हर काम मुसाबनी में करती है सरकार

डुमरिया प्रखंड कार्यालय नाम भर का है। यह ना केवल मुसाबनी में चलता है, बल्कि प्रखंड की जितनी भी योजनाएं, कार्यक्रम या बैठकें मुसाबनी में ही होती हैं। चूंकि डुमरिया में सरकार का कोई भवन ही नहीं है, लिहाजा डुमरिया के 11 पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों को हर काम के लिए मुसाबनी अंचल कार्यालय ही आना पड़ता है। डुमरिया के सारे विकास कार्यक्रम यहीं चलाए जा रहे हैं। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.