अंतरजातीय विवाह करने पर घर में जबरन घुसकर नवविवाहिता को पिलाया जहर
अंतरजातीय विवाह करने पर नाराज होकर नवविवाहिता को घर में घुसकर जहर पिलाकर दो युवक फरार हो गए। महिला अस्पताल में इलाजरत है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। अंतरजातीय विवाह करने पर आदित्यपुर के शिवनगर निवासी शंभू सरदार की पत्नी मनीषा नायक को बाइक से आए दो अज्ञात युवकों ने जबरन जहर पिलाने की कोशिश की। दोनों युवक घर में जबरन घुसे और घटना को अंजाम दिया। हालांकि, शोर मचाने पर दोनों युवक भाग गए, पर तब तक उन्होंने मनीषा को जहर पिला दी। घटना के वक्त शंभू सालडीह स्थित अपने पिता के घर गया हुआ था। पड़ोसियों ने फोन पर इसकी जानकारी शंभू को दी और मनीषा को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
दो महीने पहले ही हुई है शादी
शंभू ने बताया कि उसने मनीषा से दो महीने पहले ही प्रेम विवाह किया है। अंतरजातीय विवाह होने के कारण दोनों के घर वालों को विवाह मंजूर नहीं था, जिसके बाद सो दोनों शिवनगर में भाड़े का मकान लेकर रह रहे थे।
पति को नहीं छोडऩे पर जान से मारने की दी धमकी
मनीषा ने बताया कि वह घर पर अकेली थी। शाम के वक्त दो युवक बाइक पर आए और कमरे का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलने पर दोनों जबरन अंदर आ गए। उनमें से एक ने कमरे का दरवाजा बंद किया और दूसरा मुझे जबरदस्ती कुछ पिलाने लगा। शोर मचाने पर पड़ोस में रहने वाले लोग आने लगे, तब तक दोनों भाग गए। दोनों युवक पूर्व में भी घर आकर जान से मारने की धमकी दे चुके हैं।