चुनाव नजदीक आते ही गांवों में सियासी पार्टियां सक्रिय
चुनाव नजदीक आते देख पूर्वी सिंहभूम जिले के गांवों में राजद और झामुमो की सक्रियता बढ़ गई है। दोनों के दिग्गज मैदान में उतरने लगे हैं।
जेएनएन, जमशेदपुर : चुनाव नजदीक आते देख पूर्वी सिंहभूम जिले के गांवों में सियासी पार्टियां सक्रिय होने लगी हैं। प्राय: सभी पार्टियां गांवों में तरह तरह का आयोजन करने लगी हैं। लालू प्रसाद की पार्टी राजद घाटशिला में 23 सितंबर को अनुमंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन करने जा रही है। वहीं 27 सितंबर से झामुमो सुप्रीमो हेमंत सोरेन भी जिले में दौरा करने वाले हैं।
बताया गया कि आगामी 23 सितंबर को बहरागोड़ा जयप्रकाश नारायण भवन में अनुमंडल स्तरीय कार्यकर्ता महासम्मेलन का आयोजन राजद की ओर से किया जाएगा। सम्मेलन में आसपास के प्रखंडों के पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। बहरागोड़ा वन विश्रामागार में राजद के जिला अध्यक्ष अंबिका बनर्जी ने कहा कि इस आयोजन में राजद नेत्री व पूर्व मंत्री अन्नापूर्णा देवी, झारखंड के प्रभारी सह सासंद जयप्रकाश यादव, विधायक सह राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, पूर्व विधायक गौतम सागर राणा, प्रदेश के प्रधान महासचिव संजय ¨सह यादव, पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, जिला प्रभारी आबिद अली मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव को लेकर बूथ से लेकर अनमुंडल तक संगठन को मजबूत करने एवं वर्तमान भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में क्षेत्र के सभी कार्यकर्ता शामिल होंगे। मौके पर राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश सचिव नसीम अंसारी, जिला उपाध्याक्ष प्रणब दास, राजद के प्रखंड अध्यक राकेश कुमार दास उपस्थित।
उधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 27 सितंबर को घाटशिला के राजस्टेट मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी दिन हेमंत सोरेन झारखंड संघर्ष यात्रा का भी शुभारंभ करेंगे। जमशेदपुर शहर के उलियान से इसकी शुरूआत होगी। झारखंड संघर्ष यात्रा के तहत हेमंत सोरेन हजारों कार्यकर्ताओं के संग जमशेदपुर से घाटशिला बाइक जुलूस में पहुंचेंगे। इस दरमियान जगह-जगह हेमंत सोरेन का स्वागत पार्टी नेताओं द्वारा किया जाएगा। हेमंत सोरेन के जनसभा को सफल बनाने के लिए झामुमो ने तैयारी शुरू कर दी। झामुमो के जिलाध्यक्ष सह घाटशिला के पूर्व विधायक रामदास सोरेन ने स्वयं कमान संभालते हुए कार्यकर्ताओं के संग इसकी तैयारी में लग गए।