मूत्र संबंधी समस्या है तो शर्माएं नहीं, इलाज कराएं
संवाद सहयोगी, जमशेदपुर : अगर आपको मूत्र से संबंधित समस्या है तो शर्माए नहीं, बल्कि तत्काल इलाज कराएं। इसका असर सीधे किडनी व लीवर पर पड़ता है, जो जानलेवा साबित हो सकता है। यह बातें बुधवार को ब्रह्मानंद नारायण मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल के मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. चंपाई सोरेन ने कहीं। वह दैनिक जागरण के लोकप्रिय कार्यक्रम प्रश्न-प्रहर में पाठकों को सवालों के जवाब दे रहे थे। डॉ. चंपाई सोरेन ने कहा कि 50 वर्ष की उम्र के बाद महिला व पुरुषों में बार-बार लघुशंका की शिकायतें शुरू हो जाती है। इसके बाद यह बीमारी लगातार बढ़ती जाती है। इसका मुख्य कारण है इंफेक्शन, महिलाओं में मासिक बंद होने के बाद हार्मोन में परिवर्तन, गलत खान-पान एवं मधुमेह। इस बीमारी से करीब 50 फीसदी पुरुष, 60 फीसदी महिला व बिस्तर पर पेशाब करने वाले 15 फीसदी बच्चे प्रभावित हैं। डॉ. चंपाई सोरेन से बातचीत के प्रमुख अंश।
सवाल : मेरा बच्चा विस्तर पर पेशाब कर देता है।
-मलिक सिंह, गोविंदपुर
जवाब : 6 वर्ष की उम्र के बाद बच्चा अगर विस्तर पर पेशाब करता है तो किसी यूरोलॉजिस्ट से मिलकर सलाह लें। इसके कई कारण हो सकते हैं।
सवाल : पेशाब जल्दी-जल्दी होता है।
-नंदकुमार सिंह, मानगो
जवाब : 50 वर्ष की उम्र से पहले अगर इस तरह की समस्या होती है तो तत्काल किसी मूत्र रोग विशेषज्ञ से मिलकर सलाह लेना चाहिए।
सवाल : बेटा बिस्तर पर पेशाब कर देता है।
-के. अली खान, कदमा
जवाब : पेशाब की जांच व अल्ट्रासाउंड कराने के बाद ही पता चल सकेगा। बेहतर होगा कि आप किसी मूत्र रोग विशेषज्ञ से मिलकर सलाह लें।
सवाल : लिंग में दर्द होता है। -संजीव कुमार, कदमा
जवाब : फिलहाल जो दवा चल रहा है, उसका सेवन करें। इसके बाद भी ठीक नहीं होने से किसी विशेषज्ञ से दिखाएं।
सवाल : मेरा लड़का पानी पीने के बाद तुरंत पेशाब करने जाता है। -मोनिका दुबे, टेल्को
जवाब : यह कोई बीमारी नहीं है। हां, लेकिन ध्यान देने की जरूरत है। कुछ बच्चों की आदत होती है, उसे सुधारने की जरूरत है।
सवाल : पेशाब में झाग आता है। -इंदू, रेलवे कॉलोनी
जवाब : प्रोटीन ज्यादा मात्रा में होने से इस तरह की शिकायत आती है। हालांकि, इससे घबराने की जरूरत नहीं है। अगर अधिक मात्रा में झाग निकल रहा है तो अल्ट्रासाउंड के साथ किसी चिकित्सक से दिखाएं।
सवाल : एक साल से पेशाब में जलन होता है।
-मंगरा मुंडा, बिरसानगर
जवाब : पेशाब की नली में सूजन या सिकुड़ने के कारण इस तरह की परेशानी होती है। आप तत्काल जांच करवाएं।
सवाल : रात भर पेशाब होने के कारण सो नहीं पाते।
-ओमप्रकाश सेठी, जुगसलाई
जवाब : भेलटॉप दवा का सेवन करें। इसके बाद भी नहीं ठीक होने से किसी चिकित्सक से दिखाएं।
सवाल : लड़का रात में बिस्तर पर पेशाब कर देता है।
-अब्दुल रहीम, टेल्को
जवाब : आप किसी मूत्र रोग विशेषज्ञ से मिलकर सलाह लें। क्योंकि छह वर्ष के बाद बच्चा अगर बिस्तर पर पेशाब करता है तो वह अच्छा नहीं माना जाता।
सवाल : पेशाब जल्दी-जल्दी होता है। इसके कारण बाहर निकलने के लिए भी सोचना पड़ता है।
- अनिता सरकार, साकची
जवाब : दवा खाने से यह परेशानी दूर हो जाती है। आप पानी का सेवन ज्यादा करते हैं तो उसे घटाएं।
सवाल : बार-बार पेशाब करने जाना पड़ता है।
-डीडी सिंह, सोनारी
जवाब : उम्र बढ़ने के साथ पेशाब की थैली की क्षमता कम हो जाती है, जिसके कारण यह परेशानी उत्पन्न होना शुरू होता है।
सवाल : दिनभर में कितना लीटर पानी पीना चाहिए।
-मोहित सिंह, बिष्टुपुर
जवाब : 1.5 लीटर से लेकर 3 लीटर तक प्रति व्यक्ति को पानी पीना चाहिए।
सवाल : पेशाब पीला हो रहा है। -संतोष, कदमा
जवाब : पानी पीने की मात्रा बढ़ाए। इसके बाद भी ठीक नहीं होने से किसी चिकित्सक से दिखाएं।
-इसके साथ ही रवि पासवान, मोहित शर्मा, अनिल अग्रवाल, अंजलि शर्मा, नेहा भगत, संजीव, सुनील सिन्हा सहित अन्य लोगों ने भी सवाल पूछे।