सड़क दुर्घटना में युवक की मौत
केरेडारी के गर्री के पास शनिवार की देर रात सड़क दुर्घटना में एक यु
संस, बड़कागांव : केरेडारी के गर्री के पास शनिवार की देर रात सड़क दुर्घटना में एक युवक विनोद कुमार (पिता झमन महतो) की मौत हो गई। वह एक हाइवा की चपेट में आ गया था और इलाज के लिए हजारीबाग जाने के क्रम में रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने दुर्घटना के पीछे नो एंट्री के उल्लंघन को कारण बताते हुए बड़कागांव के सिकरी पंचायत के मुखिया आशा सिंह के घर के सामने धरना दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जिस हाइवा के कारण युवक की मौत हुई उसके ड्राइवर को ग्रामीणों ने पकड़ा लिया लेकिन मुखिया आशा सिंह के पति कृष्णा सिंह ने उसे बचाने का काम किया। धरना 10 घंटे तक चला। ग्रामीण हाइवा मालिक पारपैन निवासी गोदन महतो को बुलाने की मांग कर रहे थे। हजारीबाग सदर हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम के पश्चात युवक की लाश को परिजनों को सौंप दिया गया। शांति व्यवस्था के लिए बड़कागांव थाना प्रभारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की ओर से पुलिस बल तैनात किए गए थे। थाना प्रभारी मुकेश कुमार की सराहनीय प्रयास के पश्चात ग्रामीणों ने आपसी सहमति के बाद धरना को उठा लिया गया। सूत्रों के अनुसार धरना में 10 लाख मुआवजा पर सहमति हुई। एक वर्ष में किस्तों में वाहन मालिक के द्वारा मृतक के परिजनों को राशि भुगतान किया जाएगा।