सऊदी अरब में फंसी है आदिवासी महिला, जयंत सिन्हा को लिखा पत्र
सऊदी अरब में फंसी झारखंड की महिला को मेहनताने के तौर मिलने वाली राशि का भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। वह वहां से घर वापसी करना चाहती है।
विष्णुगढ़। सऊदी अरब में फंसी विष्णुगढ़ के चानो स्थित तेलनियादह गांव की आदिवासी महिला सिलविया कजूर की घर वापसी कराने की मांग उसके दामाद रमेश टुडू ने की है। इसके लिए उसने सांसद सह केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा को पत्र लिखा है।
पति बबलू मरांडी की मौत के बाद महिला काम धंधे को लेकर मुंबई चली गई थी। उसके दामाद रमेश ने बताया कि 2004 में उसके ससुर की मौत में होने के बाद कामधंधे को लेकर मुंबई गई। उसकी सास सिलविया कुजूर वर्षों तक वही काम करती रही। 2015 में वह किसी एजेंट के मार्फत सऊदी अरब चली गई। सऊदी अरब के लोला शहर में वह किसी घर में घरेलू काम करने में लगी है। उससे वीजा और पासपोर्ट लेकर घर के मालिक (कफिल) अपने कब्जे में कर लिया।
उसे मेहनताने के तौर मिलने वाली राशि का भी भुगतान नहीं किया जा रहा है। वह वहां से घर वापसी करना चाहती है। घर वापसी और मेहनताने की राशि मांगने पर घर का मालिक उसके साथ बेहरमी से मारपीट कर प्रताड़ित करता है। महिला की बेटी रीमा मरांडी व बेटा रामू मरांडी मां की नहीं हो रही घर वापसी से खासे परेशान हैं। महिला के दामाद ने हजारीबाग सांसद जयंत सिन्हा को पत्र लिखकर सास की घर वापसी कराने की मांग की है।