मोबाइल पर लड़की से बात करने पंचों ने सुनाया शादी का फरमान
लड़के को नाबालिग लड़की से मोबाइल पर बात करना महंगा पड़ा। पंचायत ने दोनों की शादी का तुगलकी फरमान सुना दिया।
जागरण संवाददाता, विष्णुगढ़ (हजारीबाग)। नाबालिग लड़के को नाबालिग लड़की से मोबाइल पर बात करना महंगा पड़ा। पंचायत ने दोनों की शादी का तुगलकी फरमान सुना दिया। हालांकि दोनों की अब तक मुलाकात भी नहीं हुई है। लड़का करीब 17 साल का है और लड़की नौवीं कक्षा की छात्रा है। पंचों द्वारा नाबालिग की शादी का फरमान सुनाए जाने से लड़के की विधवा मां परेशान हो गई। शादी की तिथि 22 अगस्त ही निर्धारित की गई थी। हारकर विधवा मां पुलिस की शरण में पहुंची तब शादी टली।
लड़के की मां बताती है पति की मौत के बाद जन्मे बेटे की परवरिश गरीबी में बड़ी मुश्किल से की। बेटे ने पढ़ाई भी पूरी नहीं की है। इसकी शादी इस उम्र में ही करने का फरमान सुना दिया गया है। बेटे के साथ अन्याय मुझे मंजूर नहीं। बताते हैं कि लड़का का मोबाइल नंबर अनजाने में विष्णुगढ़ के सीमावर्ती थाना पेंक की एक नाबालिग लड़की से मिल गया। दोनों के बीच बात हुई। बात का सिलसिला चलता रहा। लड़के का कहना है कि दोनों का मिलना कभी नहीं हुआ।
एक दिन लड़की के परिजनों को इसकी जानकारी मिलने पर कॉल बैक कर लड़के से बात की और उसके घर आ धमके। मामला पंचायत में निपटाने की बात हुई। चार दिन पूर्व 18 अगस्त को बैठी पंचायत में पंचों ने नाबालिग लड़के की शादी उस नाबालिग लड़की से कराने का फैसला सुना दिया जिससे वह मोबाइल पर बातें करता था। पंचायत में ग्रामीणों के अलावा कई स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। शादी 22 अगस्त को होना थी।
नाबालिग को मोटरसाइकिल पर घुमाने से जाना पड़ा जेल
बरही : नाबालिक छात्रा को गलत नीयत से बरही जवाहर घाटी जंगल घुमाने निकला इचाक डुमरौन ग्राम निवासी मो. जाबिर (पिता मो. कयूम ) को जेल की हवा खानी पड़ी है। लड़की की शिकायत पर युवक पर प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेपी कारा भेज दिया गया। युवक 10वीं कक्षा की एक नाबालिग स्कूली छात्रा को मोबाइल का प्रलोभन देकर बरही लाया और फिर उसे जवाहर घाटी ले गया।
इस दौरान उसके साथ गलत करना चाहा। लड़की ने शोर मचाकर इसकी जानकारी राहगीरों को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक के खिलाफ छात्रा के पिता ने प्राथमिकी दर्ज करवाई है। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।