गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें कार्यकर्ता
संवाद सहयोगी हजारीबाग कोरोना की तीसरी लहर को लेकर भाजपा तैयार है। हर मोर्चे पर कोर
संवाद सहयोगी हजारीबाग: कोरोना की तीसरी लहर को लेकर भाजपा तैयार है। हर मोर्चे पर कोरोना को हराने के लड़ाई लड़ी जाएगी। शनिवार को अटल भवन में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद जयंत सिन्हा ने झारखंड सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि राज्य सरकार ने अभी तक कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की है वह तीसरी लहर को लेकर बेपरवाह दिख रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थिति खराब है। यहां 180 डॉक्टरों की आवश्यकता है जबकि यहां डॉक्टर घट रहे हैं। ऐसे में नेशनल मेडिकल काउंसिल आगे क्या करेगा ये सोचकर चिंता होती है। सदर विधायक मनीष जायसवाल ने भी राज्य सरकार पर अपनी जिम्मेवारियों में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार छोटी-मोटी चीजों पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने ओकनी में हुए तीहरे हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। वहीं तीसरी लहर पर कहा कि जल्द ही भाजपा की ओर से कोरोना हारेगा अभियान चलाया जाएगा। गांव-गांव के लोगों को जागरूक करने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता तैयार हैं। जागरूकता ही सबसे बड़ी दवाई है। दउन्होंने कोरोना काल में विधायक और एपी फंड से कराए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही वह एमपी फंड से झारखंड लाइवलीहुड सोसाइटी की मदद से तीन लाख मास्क का वितरण करवाएंगे। मास्क बनवाने का काम सहिया दीदियों से करवाया जा रहा है इससे उन्हें आर्थिक लाभ भी हो रहा है। एनबीजेके, सीसीएल और एनटीपीसी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रयास से हजारीबाग, रामगढ़, चौपारण आदि जगहों में आक्सीजन युक्त बेड का इंतजाम करवाया जा सका। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव, डॉ सुरेंद्र सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष टुन्नू गोप, पूर्व मेयर अंजलि कुमारी, पूर्व डिप्टी मेयर और सांसद प्रतिनिधि आनंद देव, कृष्णकांत सिन्हा, बटेश्वर प्रसाद मेहता, भैया अभिमन्यू,विवेक समेत लोग मौजूद थे