सिनेमा हॉल से उतरी पैडमैन तो मशीनों से पैड भी हुए गायब
Padman. सेनेटरी पैड की आपूर्ति स्वास्थ्य विभाग को करनी थी लेकिन इस मसले को लेकर एक बार भी विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई।
हजारीबाग, विकास कुमार। नौ फरवरी 2018 को स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर और प्रसिद्ध अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म पैडमैन रिलीज हुई थी। सेनेटरी पैड को लेकर समाज में जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और किशोरियों, युवतियों और महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से बनी फिल्म की देशभर में सराहना हुई। इस अभियान को अलग-अलग तरीके से लोगों ने बढ़ाया भी। इसी कड़ी में सेनेटरी पैड की मशीनें बालिका विद्यालयों तक भी पहुंचीं।
उपायुक्त रविशंकर शुक्ला की पहल पर जिले के 18 बालिका और कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं की सुविधा के लिए यह वेंडिंग मशीन लगाई गई थी। एक मशीन पर करीब 35 हजार रुपये भी खर्च किए गए थे, लेकिन फिल्म जब स्क्रीन से उतरी तो मशीन से पैड भी गायब हो गए। एक दो स्कूलों में सिर्फ एक से दो बार पैड की सप्लाई की गई, बाकी अन्य विद्यालयों में मशीन ऐसे ही बेकार पड़ी है।
जागरूकता के लिए दिखाई गई थी फिल्म
सेनेटरी पैड को लेकर छात्राओं में जागरूकता को लेकर हजारीबाग में काफी अभियान भी चलाया गया था। लक्ष्मी सिनेमा हॉल में ले जाकर छात्राओं को फिल्म भी दिखाई गई थी। विद्यालय में शिक्षिकाओं के द्वारा इसके बारे में जानकारी दी गई थी।
स्वास्थ्य विभाग को करनी थी आपूर्ति
विद्यालयों में लगी सेनेटरी पैड मशीनें शिक्षा विभाग की ओर से लगाई गई थीं। सेनेटरी पैड की आपूर्ति स्वास्थ्य विभाग को करनी थी, लेकिन, इस मसले को लेकर एक बार भी विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई। ऐसा नहीं है कि इसे लेकर उन्हें जानकारी नहीं दी गई। बिहारी बालिका के प्राचार्य राम इकबाल सिंह ने बताया कि पत्र की बात छोड़े मैं व्यक्तिगत रूप से कई बार जाकर सिविल सर्जन से मिला हूं। शिक्षा विभाग को अवगत कराया है। इसके बाद भी पैड नही मिले।
इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। सेनेटरी पैड की आपूर्ति को लेकर स्वास्थ्य विभाग को कई बार कहा गया है। लेकिन आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
- लुदी कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी।