कांटी नहीं पकड़ा जाता तो और दो हत्याओं की रच डालता साजिश
रातू रोड कब्रिस्तान में अनुराग और सिल्की को मारकर दफनाने का मामला सुर्खियों में है। मामले में मंगलवार को एक और को गिरफ्तार किया गया है.
जागरण संवाददाता, रांची : रातू रोड कब्रिस्तान में अनुराग और सिल्की को मारकर दफनाने का मामला सुर्खियों में है। सिल्की की हत्या में शामिल रहा एक नाबालिग लड़का मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की दबिश के बीच उसने कोतवाली डीएसपी के पास सरेंडर किया। जिसे गोंदा पुलिस के हवाले कर दिया गया। इधर पुलिस की मानें तो अनुराग विश्वकर्मा उर्फ चाइना और सिल्की गुरुंग को मारकर कब्रिस्तान में दफनाने का मुख्य आरोपित अनमोल वर्मा उर्फ कांटी ने दो और हत्या की योजना बनाई थी। टार्गेट पर कांटी की प्रेमिका और उससे बातचीत करने वाला युवक सोनू राय था। दोनों की हत्या की पूरी तैयारी कर ली थी। हत्या से पहले ही वह पकड़ा गया।
डेढ़ माह पहले ही जेल से छूटा था नाबालिग : इधर कांटी के साथ सिल्की की हत्या करने मामले में पकड़े गए नाबालिग की उम्र 16 वर्ष है। उसने बताया कि वह बीते 31 नवंबर को ही सुखदेव नगर थाना द्वारा भेजे गए गए मामले में जेल से छूटा था। छूटने के बाद कांटी के साथ घूमता था। बीते 27 दिसंबर की रात सिल्की को लेकर वे रातू रोड कब्रिस्तान गए थे। वहां शराब पीने के दौरान कांटी ने सिल्की का बाल पकड़कर रेत डाला। इसके बाद वह सीने पर बैठकर चाकू से मारा। उसने भी कांटी के कहने पर एक बार चाकू गोदा। वहां मौजूद गोलू ने भी सिल्के के सीने पर चाकू चलाया। इसके बाद सभी ने उसे वहीं के कब्रिस्तान में मारकर दफना दिया था। सिल्की की उम्र 17 वर्ष थी। रांची जिला बल में पदस्थापित महिला सिपाही शोभा गुरुंग की बेटी थी। वह बीते 27 दिसंबर से गायब थी। गोंदा थाने में 11 जनवरी को गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अलग-अलग ग्रुप के साथ की हत्या : कांटी ने सिल्की और अनुराग की हत्या में अलग-अलग दोस्तों के ग्रुप का इस्तेमाल किया। पुलिस के अनुसार सिल्की की हत्या में शामिल नाबालिग और गोलू को यह नहीं पता था कि उसके निशाने पर अनुराग भी है। इधर अनुराग की हत्या करने के दौरान साथ ले जाए गए अमर और नाबालिग को भी यह नहीं पता था कि उसी कब्रिस्तान में एक को मारकर दफनाया गया। जहां अनुराग को मारा गया, वहीं एक और हत्या हुई। लेकिन पुलिस को एफएसएल एक्सपर्ट से यह पता चल गया था कि उसी जगह पर दो हत्याएं हुई है। दूसरे हत्या के बारे पुलिस कांटी से पूछताछ की। कड़ी पूछताछ करने पर वह पुलिस को उस कब्र पर ले गया, जहां सिल्की को मारकर दफनाया गया था। पहले खोदाई में नहीं मिली थी लाश : 12 जनवरी की सुबह जब अनुराग की लाश मिली थी, उस दिन पुलिस ने शक के आधार पर सिल्की के कब्र की खोदाई करवाई थी। लेकिन उस खोदाई में लाश नहीं मिली थी। लेकिन जब कांटी पकड़ा गया और उसने कब्र दिखाई, तो पुलिस अफसोस करती रह गई, कि उस कब्र को थोड़ा और खोदा जाता तो सिल्की की लाश उसी दिन मिल जाती। सिल्की को करीब साढ़े तीन फिट अंदर कब्र में मारकर डाला गया था। प्रेमिका से ब्रेकअप होने पर बने थे दुश्मन : सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के धोबी मोहल्ला निवासी अनमोल वर्मा उर्फ कांटी की गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया था। ब्रेकअप में उसकी नजर में अनुराग और सिल्की जिम्मेवार थे। इसलिए उनकी हत्या की योजना बनाई और मार डाला। मामले में कांटी को जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया। कांटी ने अपनी स्वीकारोक्ति बयान में पुलिस को बताया था कि वह अपनी गर्लफ्रेंड से बहुत प्यार करता था। उसे दूर करने में सिल्की और अनुराग का हाथ था। सिल्की ने अपने साथ ली गई सेल्फी को दिखाकर भड़का दिया था।