विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 12, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand: हरियाणा में पकड़े गए साइबर ठग गिरोह का हजारीबाग कनेक्शन, मास्टरमाइंड चल रहा फरार

By arvind ranaEdited By: Yashodhan Sharma
Published: Wed, 12 Jul 2023 02:27 AM (IST)

एक माह पूर्व हरियाणा से आई साइबर थाने की पुलिस सदर प्रखंड के मेरु से कुख्यात साइबर ठग मो. सलमान ...और पढ़ें

हरियाणा में पकड़े गए साइबर ठग गिरोह का हजारीबाग कनेक्शन, मास्टरमाइंड चल रहा फरार
हरियाणा में पकड़े गए साइबर ठग गिरोह का हजारीबाग कनेक्शन, मास्टरमाइंड चल रहा फरार

HighLights

  1. एक और गिरोह हरियाणा के फरीदाबाद में पकड़ा गया है। इस गैंग का भी झारखंड के हजारीबाग से कनेक्शन सामने आया है।
  2. यह तीसरी घटना है, जब दूसरे राज्य में पकड़े गए साइबर ठग गिरोह के खुलासे में हजारीबाग का सबसे ऊपर नाम आया है।
  3. यह गिरोह अकाउंट से पैसे उड़ाने के साथ-साथ सेक्सटॉर्शन से ब्लैकमेलिंग करने का भी काम करता है।

संवाद सहयोगी, हजारीबाग: एक माह पूर्व हरियाणा से आई साइबर थाने की पुलिस सदर प्रखंड के मेरु से कुख्यात साइबर ठग मो. सलमान को गिरफ्तार कर ले गई थी।

इस बीच एक और गिरोह हरियाणा के फरीदाबाद में पकड़ा गया है। इस गैंग का भी झारखंड के हजारीबाग से कनेक्शन सामने आया है।

इसमें पकड़ा गया सहयोगी संजय कुमार कटकमसांडी क्षेत्र का है और मास्टरमाइंड हजारीबाग के इचाक थाना क्षेत्र अंतर्गत असिया गांव निवासी है।

हालांकि, घटना के बाद से मास्टर माइंड फरार हो गया है। इस गिरोह की गिरफ्तारी में जो खुलासा हुआ है, वह स्पष्ट कर दिया है कि जामताड़ा के बाद अब हजारीबाग से अंतरराजीय साइबर ठग गिरोह संचालन शुरू हो गया है।

तीसरी बार हजारीबाग सबसे ऊपर

यह तीसरी घटना है, जब दूसरे राज्य में पकड़े गए साइबर ठग गिरोह के खुलासे में हजारीबाग का सबसे ऊपर नाम आया है।

बताया जाता है कि गिरोह का मास्टरमाइंड चंदन कुमार मेहता ने हजारीबाग शहर , इचाक और बरकट्ठा में अपना व्यापक जाल फैलाया है और कई लोगों को तैयार किया है।

सेक्सटॉर्शन से ब्लैकमेल करने का आरोप

यह गिरोह अकाउंट से पैसे उड़ाने के साथ-साथ सेक्सटॉर्शन से ब्लैकमेलिंग करने का भी काम करता है। इसकी चपेट में कई बड़े व्यवसायी और कुछ अधिकारी भी आए हैं, लेकिन बदनामी के डर से अपना नाम उजागर नहीं किया है।

कई राज्यों में फैला रखा है जाल

चंदन कुमार मेहता का गिरोह हरियाणा,दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में अपना जाल फैला रखा है। बता दें कि पकड़ा गया कटकमसांडी का आरोपी संजय चंदन कुमार मेहता के लिए काम करता है।

गिरोह सूत्र से प्राप्त जानकारी के मुताबिक चंदन कुमार मेहता ने इस ठगी से करोड़ों रुपए कमाए हैं। इससे हजारीबाग शहर समेत कई जगहों पर आलिशान बिल्डिंग तैयार की हैं।

कैसे चंदन कुमार गैंग करता है ठगी?

चंदन कुमार मेहता ठगी के आरोप में पूर्व में भी जेल जा चुका है। यह गिरोह अधिकतर क्रेडिट कार्ड का लिमिट बढ़ाने और अकाउंट अपडेट कराने एटीएम कार्ड अपडेट कराने के नाम पर ठगी करता है। सूत्र बताते हैं कि यह गिरोह अब तक 1000 से अधिक लोगों को अपना शिकार बना चुका है।

हरियाणा के फरीदाबाद जिले की साइबर पुलिस द्वारा पकड़े गए साइबर अपराधियों का सरगना चंदन कुमार मेहता की तलाश में हजारीबाग पुलिस भी जुटी है।

मालूम हो कि फरीदाबाद पुलिस ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और अपडेट कराने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले चंदन मेहता गिरोह के 6 साइबर ठगों को पकड़ा है।

आरोपी अब तक एनसीआर में लगभग 200 लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। एसीपी क्राइम अभिमन्यु गोयत और साइबर थाना सेंट्रल प्रबंधक सतीश कुमार के नेतृत्व में ठगी करने वाले गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

आरोपिताें के कब्जे से 60 मोबाइल फोन, 52 सिम, 16 चैकबुक, 6 पास बुक, 18 डेबिट कार्ड के साथ 17500 रुपए नकद बरामद हुए हैं।

क्या है आरोपियों की पहचान?

गिरफ्तार आरोपियों में शुभम, विकास, रोहित कुमार, मनीष, अभिषेक और संजय शामिल है। आरोपी शुभम, विकास और अभिषेक झारखंड के जमशेदपुर के रहने वाले हैं।

रोहित उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का है। मनीष बिहार के सहरसा जिले का तथा आरोपी संजय झारखंड के हजारीबाग जिले का रहने वाला है। आरोपी शुभम, मनीष, चंदन व संजय वर्तमान में गुरुग्राम में रह रहे थे।

कैसे पकड़े गए आरोपित?

आरोपी सेक्टर-18 में कॉल सेंटर चलाते थे। आरोपितों ने फरीदाबाद में रहने वाले ज्ञान प्रकाश को डीबीएस बैंक के क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने व अपडेट करने का झांसा दिया।

28 जून को ज्ञान प्रकाश से आरोपियों ने 25914 रुपए हड़पे। इसकी शिकायत साइबर थाना वल्लबगढ़ में दी गई। साइबर पुलिस टीम ने सूत्रों से प्राप्त सूचना के आधार पर गुरुग्राम के सेक्टर-18 से फर्जी कॉल सेंटर चलाने वाले 6 आरोपितों को पकड़ा है।

अभी गिरोह का मास्टरमाइंड चंदन मेहता पुलिस गिरफ्त से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के बाद और बड़े खुलासे हो सकते हैं