हजारीबाग पहुंची अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन यात्रा, गुरु नानक देव जी के अमूल्य धरोहरों का भव्य स्वागत Hazaribag News
ननकाना साहब (पाकिस्तान) से चली अन्तरराष्ट्रीय शोभायात्रा भारत के विभिन्न राज्यों एवं शहरों से होकर रविवार की देर रात रात्रि हजारीबाग गुरुद्वारा साहब पहुंची।
हजारीबाग, जासं। गुरु नानक देव जी 550वें प्रकाश पर्व (जन्मोत्सव) के पावन उपलक्ष्य में उनके जन्म स्थान ननकाना साहब (पाकिस्तान) से चली अन्तरराष्ट्रीय शोभायात्रा भारत के विभिन्न राज्यों एवं शहरों से होकर रविवार की देर रात रात्रि हजारीबाग गुरुद्वारा साहब पहुंची। इसके पश्चात स्वागत और दर्शन को सैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार की सुबह सदर विधायक मनीष जायसवाल, डीआईजी पंकज कंबोज, निगम के पूर्व डिप्टी मेयर सह भाजपा नेता आनंद देव सहित शहर के कई अन्य गणमान्य लोग भी गुरुद्वारा पंहुचे और नानक देव के अमूल्य दुर्लभ धरोहरों का स्वागत व दर्शन किया।
मौके पर यहां सिख समाज द्वारा आयोजित नगर कीर्तन में भी शरीक हुए। सिख समाज के लोगों ने विधायक जायसवाल का अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित भी किया। मौके पर सदर विधायक जायसवाल ने कहा कि नानक देव जी के अमूल्य धरोहरों का सामने से अवलोकन और दर्शन करना अपने आप में पुनीत कार्य है। पाकिस्तान की धरती से समस्त विश्व भ्रमण पर निकले इस शोभायात्रा में शामिल होकर मैं खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं ।