हजारीबाग: शिवरात्रि की रात हुई निर्मम हत्या का अब तक खुलासा नहीं, बाबूपारा के ग्रामीणों ने घेरा बड़कागांव थाना
बड़कागांव के बाबूपारा गांव में तीन माह पहले शिवरात्रि की रात हुई वृद्ध दंपति की निर्मम हत्या का रहस्य अब तक नहीं सुलझा है।

एआई जेनरेटेड तस्वीर
HighLights
बाबूपारा में वृद्ध दंपति की तीन माह पहले हत्या।
शिवरात्रि की रात हुई थी निर्मम वारदात।
ग्रामीणों ने बड़कागांव थाने का किया घेराव।
संवाद सूत्र, बड़कागांव (हजारीबाग)। बड़कागांव थाना क्षेत्र के बाबूपारा गांव में तीन माह पहले हुई वृद्ध दंपति की निर्मम हत्या की गुत्थी आज तक नहीं सुलझ सकी है। मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को बड़कागांव थाना के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया।
बताया जाता है कि शिवरात्रि की रात अज्ञात लोगों ने 82 वर्षीय वकील दास और 72 वर्षीय उनकी पत्नी झुनियां देवी की हत्या कर दी थी। शव का स्वरूप देखकर ग्रामीणों का मानना है कि यह हत्या चोरी की नीयत से की गई थी। मृतक दंपति के चार पुत्र और तीन पुत्रियां सभी शादीशुदा हैं।
घटना के समय घर में सिर्फ वृद्ध दंपति
बड़े पुत्र मुंशी रविदास पिता के सेवानिवृत्त होने के बाद सीसीएल में कार्यरत हैं, जबकि छोटे पुत्र रामविलास दास गोंदलपुरा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक हैं। द्वितीय पुत्र बंशीधर उर्फ राजन और तृतीय पुत्र अशोक दास राजमिस्त्री का काम करते हैं। इस घटना के समय घर में सिर्फ वृद्ध दंपति ही थे।
ग्रामीणों की मांग पर खोजी कुत्ता टीम एवं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। खोजी कुत्ता ने पश्चिम दिशा की ओर बहन के घर तक अपराधी के जाने के संकेत दिए। इसके अलावा, एक कुल्हाड़ी बरामद हुई, जिस पर खून के दाग थे। टीम ने खून लगे चाकू और कपड़े के टुकड़े की भी जांच की, लेकिन अब तक हत्यारे का पता नहीं चल सका।
आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हत्यारे को जल्द नहीं पकड़ा गया तो वे और भी कड़ा प्रदर्शन करेंगे।
