विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग: जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, तिलैया डैम में डूबने से पटना के दो युवकों की मौत

Published: Thu, 15 Oct 2026 06:57 PM (GMT+05:30)

हजारीबाग के तिलैया डैम में जन्मदिन मनाने गए दो युवक नहाने के दौरान डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। ...और पढ़ें

जन्मदिन मनाने गए दो युवकों की तिलैया डैम में डूबने से मौत

जन्मदिन मनाने गए दो युवकों की तिलैया डैम में डूबने से मौत

HighLights

  1. तिलैया डैम में नहाते समय दो युवकों की मौत।

  2. जन्मदिन मनाने बिहार से आए थे पांच दोस्त।

  3. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।

संवाद सूत्र, बरही (हजारीबाग)। बरही थाना अंतर्गत तिलैया डैम में गुरुवार को नहाने के दौरान डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय दीपक कुमार और 20 वर्षीय प्रीतम अभिषेक के रूप में हुई है। प्रीतम बिहारशरीफ निवासी मनोज कुमार के पुत्र थे।

दोनों अपने दोस्त सागर कुमार का जन्मदिन मनाने चार अन्य साथियों के साथ निकले थे। हादसे की सूचना पर पहुंची बरही थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की।

साथी सागर कुमार ने बताया कि गुरुवार को उसका जन्मदिन था। वह अपने चार दोस्तों के साथ घरवालों को पारसनाथ घूमने जाने की बात कहकर पटना से हटिया-पटना एक्सप्रेस ट्रेन से कोडरमा पहुंचा। वहां से सभी आटो से तिलैया डैम गए।

डैम के समीप तिलैया बस्ती की ओर जाने के बाद सभी शाम करीब 4 बजे नहाने के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान दीपक और प्रीतम गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तैरना नहीं आने के कारण सफल नहीं हो सके।

नाविक ने पानी से निकाला:

वहीं डूबते युवकों पर एक स्थानीय नाविक की नजर पड़ी। उसने दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची बरही थाना पुलिस दोनों शवों और उनके तीन साथियों के उपस्थिति में बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सक मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की गंभीरता साथ जांच शुरू कर दी है।

पटना के लाज में रहता था दीपक:

साथ आए दोस्तों ने बताया कि दीपक कुमार, प्रीतम अभिषेक का मित्र था। दीपक के बारे में विस्तृत जानकारी प्रीतम को ही थी। दोस्तों के अनुसार, दीपक पटना के बाजार समिति के पास स्थित किसी लॉज में रहता था। उसके परिवार और स्थायी पते के संबंध में साथ आए दोस्तों को विशेष जानकारी नहीं थी।

इधर, स्थानीय ग्रामीणों के बीच युवकों के शराब सेवन करने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साथियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। घटना से मृतकों के परिजनों और परिचितों में शोक है।