एक ही सड़क हादसे ने छीनी दो जिंदगी, चिता की आग ठंडी होने से पहले आई पत्नी की मौत की खबर
हजारीबाग के दारु थाना क्षेत्र के हरली में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक नवविवाहित जोड़े की जान चली गई। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
दारु, हरली में दर्दनाक सड़क हादसे में दो की मौत।
नवविवाहित पति अरुण और पत्नी ज्योति ने गंवाई जान।
पति के अंतिम संस्कार के बाद पत्नी ने भी दम तोड़ा।
संवाद सूत्र, दारु (हजारीबाग)। हरली में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार से उसकी सारी खुशियां छीन लीं। पुनाई पंचायत के टटगावा निवासी अरुण कुमार की गुरुवार को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। शुक्रवार को गमगीन माहौल में टटगावा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अरुण की चिता की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि शुक्रवार रात करीब दस बजे रांची के रिम्स से एक और दिल दहला देने वाली खबर गांव पहुंची। हादसे में गंभीर रूप से घायल अरुण की पत्नी ज्योति ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह खबर मिलते ही गांव और परिवार में फिर से कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
छह महीने पहले हुई थी शादी
ज्योति के सिर में गंभीर चोट आई थी और वह रिम्स में भर्ती थी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद वह जिंदगी की जंग हार गई। बताया जाता है कि अरुण और ज्योति का विवाह महज छह माह पूर्व ही हुआ था। हादसे के दिन अरुण अपनी पत्नी को परीक्षा दिलाने हजारीबाग ले जा रहा था, तभी हरली के पास यह भीषण दुर्घटना हो गई।
एक ही हादसे में पति-पत्नी दोनों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा है। अरुण के माता-पिता गहरे सदमे में हैं और उन्होंने अन्न-जल तक ग्रहण करना छोड़ दिया है। गांव की हर आंख नम है और माहौल पूरी तरह शोकाकुल बना हुआ है।
