मांडू और बरकंट्ठा में बागी लगा रहे हैं जोर
हजारीबाग बरकट्ठा और मांडू विधानसभा सीट पर लड़ाई काफी दिलचस्प है। दोनों ही सीट पर
हजारीबाग : बरकट्ठा और मांडू विधानसभा सीट पर लड़ाई काफी दिलचस्प है। दोनों ही सीट पर भाजपा से बागी बने निर्दलीय प्रत्याशी जोर लगा रहे हैं। बरकट्ठा से जहां पूर्व विधायक अमित यादव निवर्तमान विधायक जानकी यादव को परेशान कर रहे हैं। वहीं मांडू सीट से 2014 में जीत से कुछ कदम दूर रहे कुमार महेश सिंह अपनी ताकत का अहसास विरोधियों को कराने में लगे हैं। दोनों ही चुनाव प्रचार और रणनीति बनाने में जुट गए हैं। चुनाव की डोर अपनी ओर खींचने की हर जुगत लगा रहे हैं।
बरकट्ठा के पूर्व विधायक अमित यादव कि तो वे क्षेत्र में जाकर भाजपा प्रत्याशी व विधायक जानकी यादव पर तीखा हमला कर रहे हैं। फेसबुक पर दोनों के समर्थकों के बीच नोकझोंक जारी है।
अमित यादव 2014 चुनाव में जेवीएम के जानकी यादव से हार गए थे। जीत के बाद जानकी यादव पाला बदलते हुए भाजपा में शामिल हो गए थे। लेकिन, अमित इसे हथियार बना लोगों से वोट की अपील कर रहे हैं।
---------------------------
जीत से थोड़ी दूर रह गए थे कुमार महेश सिंह
मांडू में करीब तीन दशक से राजनीति कर रहे कुमार महेश सिंह निर्दलीय मैदान में हैं। भाजपा से टिकट नही मिलने के बाद वे चुनाव मैदान में उतरे हैं। 2014 में जीत से थोड़ी ही दूर रह गए थे। कांटे की टक्कर में उन्हें जयप्रकाश भाई पटेल ने हराया था। हार के बावजूद कुमार महेश सिंह को करीब 71 हजार मत मिले थे। करीब छह हजार मतों से उनकी हार हुई थी। इस बार निर्दलीय होने के बावजूद से वे जीत में कोई कोर कसर नही छोड़ना चाहते। पुराने साथियों को उन्होंने जोड़ा है। मैदान में जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को मांडू क्षेत्र की विफलता के बारे में बता रहे हैं। अपने को लोगों का सच्चा साथी बता रहे हैं।