विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में खास महल की जमीन पर चला बुलडोजर, 26 साल पुराने होटल को किया ध्वस्त

Published: Fri, 28 Aug 2026 11:55 AM (IST)

हजारीबाग में प्रशासन ने खास महल की जमीन पर बने एक होटल को ध्वस्त कर दिया, जिसका लीज 1978 के ...और पढ़ें

हजारीबाग में खास महल की जमीन पर अवैध होटल ध्वस्त। जागरण

हजारीबाग में खास महल की जमीन पर अवैध होटल ध्वस्त। जागरण

HighLights

  1. हजारीबाग में खास महल की जमीन पर अवैध होटल ध्वस्त।

  2. लीज का नवीनीकरण 1978 से नहीं हुआ था।

संवाद सहयोगी, हजारीबाग। सरकारी और खास महल की जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। सदर अंचल के मौजा कैंटोनमेंट स्थित होल्डिंग संख्या 188 में कारगिल पंप के समीप बने एक होटल के निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया।

सदर सीओ आशुतोष कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की तैनाती रही। कार्रवाई को लेकर मौके पर काफी देर तक हंगामा और अधिकारियों से लोगों की नोकझोंक होती रही।

अतिक्रमण को लेकर की गई कार्रवाई के संबंध में बताया गया कि संबंधित भूमि खास महल की है और वर्ष 1978 के बाद लीज का नवीनीकरण नहीं कराया गया। प्रशासन का दावा है कि जमीन के एक हिस्से में रह रहे आदिवासी परिवारों को कार्रवाई से अलग रखा गया है।

वहीं उनकी आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान परिसर के अंदर एक अर्धनिर्मित मकान भी मिला। जिसकी जांच कराई जाएगी और नियम विरुद्ध पाए जाने पर उस पर भी कार्रवाई होगी।

कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर कानूनी नोटिस और समय नहीं देने का आरोप लगाया। एक व्यक्ति ने दावा किया कि वह करीब 26 वर्षों से होटल चला रहा था। मौके पर एक महिला की अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई।

प्रशासन ने कहा कि संबंधित लोगों को पहले आगाह किया गया था। परिसर को लेकर नशे और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें भी मिलने की बात सामने आई। प्रशासन कार्रवाई को विधि सम्मत बता रहा है, जबकि स्थानीय लोग कानूनी अवसर और मोहलत की मांग कर रहे हैं। अब पैमाइश के बाद यह स्पष्ट होगा कि आसपास और कितनी जमीन अतिक्रमण की जद में है और प्रशासन की अगली कार्रवाई क्या होगी।

भूमि खास महाल की है। लीज का नवीनीकरण वर्ष 1978 के बाद नहीं कराया गया है। मिल रही शिकायतों के आलोक में अवैध निमाZण को ध्वस्त किया गया है।

- आशुतोष , अंचलाधिकारी, सदर प्रखंड , हजारीबाग ।