विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में होमगार्ड बहाली के नाम पर पैसों का खेल! मोबाइल में मिली अभ्यर्थियों की लिस्ट; अब जवान पर होगी कार्रवाई

Published: Thu, 13 Aug 2026 09:45 AM (IST)

होमगार्ड बहाली में अभ्यर्थियों से पैसे वसूलने के आरोप में जीतू कुमार मेहता और रंजीत कुमार गिरफ्तार किए गए हैं। ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

संवाद सहयोगी, हजारीबाग। होमगार्ड में बहाली कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से रुपये वसूली के मामले में गिरफ्तार होमगार्ड जवान के खिलाफ अब विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की जांच में उसके मोबाइल से रुपये के लेनदेन से जुड़े चैट और अभ्यर्थियों की सूची मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया है। लोहसिंघना पुलिस ने मामले में मटवारी निवासी जीतू कुमार मेहता और रंजीत कुमार को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा ने बताया कि जीतू कुमार मेहता के मोबाइल की जांच में रंजीत कुमार के साथ लेनदेन से संबंधित चैट मिली है। इसके अलावा मोबाइल में कई अभ्यर्थियों की सूची भी मिली, जिसमें नाम के सामने 10 हजार, 20 हजार और 30 हजार रुपये तक की रकम दर्ज थी। पुलिस के अनुसार इससे बहाली के नाम पर रुपये लेने के आरोपों को जांच में महत्वपूर्ण आधार मिला है।

थाना प्रभारी ने बताया कि होमगार्ड की एक महिला अभ्यर्थी ने जीतू पर बहाली कराने के नाम पर 10 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया था। शेष राशि बाद में देने की बात तय हुई थी।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीतू कुमार मेहता को 50 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल की जांच में रंजीत कुमार से बातचीत और अभ्यर्थियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले।

बताते चलें कि, जीतू स्वयं भी होमगार्ड का अभ्यर्थी है। वह होमगार्ड नव नामांकन विज्ञापन संख्या 1/19 का अभ्यर्थी रहा है। शारीरिक जांच परीक्षा के लिए 1298 अभ्यर्थियों की सूची तैयार हुई थी, जिसे बाद में चयन समिति ने रद्द कर दिया था।

इसके बाद अभ्यर्थियों ने नव नामांकन की मांग को लेकर संगठन बनाया और जीतू को उसका सचिव बनाया था। अब बहाली प्रक्रिया में रुपये के लेनदेन के आरोप सामने आने के बाद पुलिस जांच के साथ विभागीय कार्रवाई भी तय मानी जा रही है।