विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में युवाओं के लिए दिसंबर में लगेगा रोजगार मेला, चयनित अभ्यर्थियों को दिए जाएंगे नियुक्ति पत्र

Published: Wed, 28 Oct 2026 11:38 AM (IST)

हजारीबाग जिला प्रशासन ने श्रम कानूनों के अनुपालन और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सख्ती बढ़ा दी है। ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. श्रम कानूनों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर होगी कार्रवाई।

  2. दिसंबर में हजारीबाग में आयोजित होगा बड़ा रोजगार मेला।

संवाद सहयोगी, हजारीबाग। श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्ती और तैयारी दोनों तेज कर दी है।

उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में मंगलवार को श्रम एवं नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें श्रम कानूनों के अनुपालन, श्रमिक कार्ड पंजीकरण और दिसंबर में प्रस्तावित रोजगार मेला की तैयारियों की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने श्रम अधीक्षक बसंत महतो को निर्देश दिया कि शहरी क्षेत्र में ऐसे सभी प्रतिष्ठानों को चिह्नित किया जाए, जहां 10 या उससे अधिक श्रमिक एवं अन्य मानवबल कार्यरत हैं। इन प्रतिष्ठानों में श्रम कानूनों और मजदूरी संबंधी प्रावधानों के अनुपालन की जांच के लिए अभियान चलाया जाए।

जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चिह्नित प्रतिष्ठानों की विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा।

उपायुक्त ने श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों को श्रमिक कार्ड पंजीकरण की प्रक्रिया तेज करने और अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को इससे जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के माध्यम से श्रमिकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्राथमिकता से काम किया जाए।

रोजगार मेले में अधिक नियोक्ताओं की भागीदारी पर जोर

नियोजन विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने दिसंबर में आयोजित होने वाले रोजगार मेले की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिक से अधिक नियोक्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और रोजगार मेले के माध्यम से नियुक्ति प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने को कहा, ताकि चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा सकें।

उपायुक्त ने अधिकारियों को श्रमिकों के हितों की रक्षा, श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में नियोजन पदाधिकारी अवधेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 

यह भी पढ़ें- रायपुर में 7-8 अक्टूबर को विशाल राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 8000 से अधिक अवसर

यह भी पढ़ें- कानपुर में 13 अक्टूबर को लगेगा रोजगार मेला, 1628 पदों पर युवाओं की होगी भर्ती