विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग के हबीबीनगर में भीषण बम ब्लास्ट, तीन की मौत; एक गंभीर घायल

By Vikash Singh Edited By: Kanchan Singh
Published: Wed, 14 Jan 2026 06:05 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 14 Jan 2026 06:47 PM (GMT+05:30)

हजारीबाग के हबीबीनगर में बुधवार को हुए बम ब्लास्ट में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक ...और पढ़ें

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हजारीबाग। हजारीबाग सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत हबीबीनगर इलाके में बुधवार को हुए बम ब्लास्ट में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।

मृतकों में मो यूनुस का बेटा सद्दाम और नन्ही परवीन तथा एक अन्य है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। 

घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है।

झाड़ियों के बीच जमीन में दबाकर रखा गया बम

स्थानीय लोगों के अनुसार, हबीबीनगर में झाड़ियों की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान जमीन में दबाकर रखा गया एक बम में अचानक विस्फोट हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई के दौरान फावड़ा या किसी औजार के बम से टकराने के कारण यह हादसा हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के लोग दहल गए।

HBZ Blast1

घटना स्थल पर ही चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर घायलों को सुरक्षित निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। यह इलाका पहले भी विस्फोट की घटनाओं के कारण चर्चा में रहा है।

पहले भी यहां बम विस्फोट में जा चुकी है 5 लोगों की जान

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में रामनवमी के दौरान हुए दंगों के समय इसी क्षेत्र में बम बनाने के दौरान हुए विस्फोट में पांच लोगों की मौत हुई थी। ऐसे में एक बार फिर उसी इलाके में बम ब्लास्ट की घटना सामने आने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बम वहां कैसे पहुंचा और किस उद्देश्य से जमीन में दबाकर रखा गया था। बम पुराना था या हाल में रखा गया, इसकी भी जांच की जा रही है। 

फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। 

पुलिस ने कहा है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।