विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में बाइक चोरी के बाद आया फोन, बोला- कागजात दो, मैं फाइनेंस कंपनी से बोल रहा हूं

Published: Fri, 03 Apr 2026 01:00 PM (IST)

हजारीबाग के बरकट्ठा थाना क्षेत्र के कोनहरा खुर्द में शिबू राणा की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। चोरी के कुछ देर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, बरकट्ठा (हजारीबाग)। बरकट्ठा थाना क्षेत्र के कोनहरा खुर्द गांव में मोटरसाइकिल चोरी की एक घटना ने लोगों को हैरानी में डाल दिया है। घर के सामने से बाइक चोरी होने के कुछ ही समय बाद पीड़ित के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया और उसने खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए चोरी हुई बाइक के कागजात की मांग कर डाली।

इस अप्रत्याशित फोन काल ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। कोनहरा खुर्द निवासी शिबू राणा ने बरकट्ठा थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनकी हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या जेएच 10 बीएम 2237 बुधवार रात घर के सामने खड़ी थी। सुबह जब वह उठे तो बाइक गायब थी। पहले परिवार के लोगों ने आसपास खोजबीन की, फिर गांव के अन्य लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन बाइक का कहीं पता नहीं चला।

चोरी के बाद पीड़ित के पास आया कॉल

पीड़ित ने बताया कि बाइक चोरी की जानकारी मिलने के कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह फाइनेंस कंपनी से बोल रहा है और बाइक के कागजात तुरंत उपलब्ध कराने को कहा। बातचीत के दौरान उसका लहजा धमकी भरा था, जिससे पीड़ित परिवार घबरा गया।

शिबू राणा को आशंका है कि फोन करने वाला व्यक्ति चोरी की घटना से जुड़ा हो सकता है या चोरों का सहयोगी हो सकता है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीण इसे चोरी के बाद खुलेआम दबाव बनाने की कोशिश मान रहे हैं।

पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार

लोगों का कहना है कि इस तरह फोन कर कागजात मांगना सामान्य बात नहीं है और इसमें किसी संगठित गिरोह की भूमिका भी हो सकती है। शिबू राणा ने पुलिस से मोबाइल नंबर की जांच कर कॉल करने वाले की पहचान करने तथा बाइक बरामद कराने की गुहार लगाई है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

यह भी पढ़ें- रामगढ़ में पानी की किल्लत से लोग परेशान: बाल्टी लेकर जताया विरोध, डिप्टी कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

यह भी पढ़ें- झारखंड का लातेहार उगल रहा 'सोना', खनन राजस्व मामले में प्रदेश में नंबर-1; 200% वसूली