विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में दुनिया का सबसे महंगा आम चोरी, किसान बोला- 5 'मियाजाकी' ले गए चोर

Published: Wed, 01 Jul 2026 12:22 PM (IST)

हजारीबाग के बड़कागांव में एक किसान के बगीचे से रात में मियांजाकी आम के पांच फल चोरी हो गए। यह ...और पढ़ें

आम के पेड़ को दिखाता किसान

आम के पेड़ को दिखाता किसान

HighLights

  1. बड़कागांव में किसान के बगीचे से मियांजाकी आम चोरी।

  2. रात के अंधेरे में पांच महंगे आम ले गए चोर।

  3. पहली बार फल आने पर हुई चोरी से किसान परेशान।

संवाद सूत्र, बड़कागांव (हजारीबाग)। झारखंड में इन दिनों अपनी विशेषता और ऊंची कीमत के कारण चर्चा में रहने वाले मियांजाकी आम पर अब चोरों की भी नजर पड़ गई है।

बड़कागांव के किसान प्रवीण कुमार के बगीचे से अज्ञात चोर रात के अंधेरे में मियांजाकी किस्म के पांच आम तोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद किसान परेशान हैं और पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा हो रही है।

किसान प्रवीण कुमार ने बताया कि उन्होंने करीब एक वर्ष पहले पश्चिम बंगाल से 2,400 रुपये में मियांजाकी आम के दो पौधे खरीदे थे। लंबे इंतजार और देखभाल के बाद इस वर्ष पहली बार पेड़ों में फल आए थे। फल पकने का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही चोर पांच आम तोड़कर ले गए। सुबह बगीचे में पहुंचने पर फल गायब मिले।

प्रवीण कुमार ने बताया कि मियांजाकी आम सामान्य किस्मों की तुलना में कई गुना अधिक मूल्यवान माना जाता है। इसका रंग गहरा लाल-बैंगनी होता है और स्वाद बेहद मीठा व सुगंधित बताया जाता है। जापान की इस प्रीमियम किस्म की देश-विदेश में काफी मांग है, जिसके कारण इसकी कीमत भी अन्य आमों की तुलना में काफी अधिक होती है।

हाल के दिनों में झारखंड में भी मियांजाकी आम की खेती को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। कई किसान इसकी खेती का प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे में बड़कागांव में हुई चोरी की यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।

यह भी पढ़ें- धनबाद आम महोत्सव में मियाजाकी ने बटोरी सुर्खियां, दुनिया के सबसे महंगे आम को देखने उमड़ी भीड़

यह भी पढ़ें- मत छुओ ये मियाजाकी है; कीमत ₹3 लाख, धनबाद में जापान के दुर्लभ आम को देखने जुटी भीड़