नेपाल की तर्ज पर हजारीबाग की किराना दुकानों में बिक रही थी बीयर, छापामारी के बाद दो गिरफ्तार
पुलिस ने हजारीबाग के पदमा ओपी क्षेत्र में किराना दुकानों की आड़ में अवैध बीयर बिक्री का भंडाफोड़ किया है। ...और पढ़ें

हजारीबाग में किराना दुकानों से अवैध बीयर बिक्री का खुलासा, दो गिरफ्तार।
HighLights
पदमा ओपी क्षेत्र में अवैध बीयर बिक्री का पर्दाफाश।
दो किराना दुकानों से 75 बोतल बीयर जब्त, दो गिरफ्तार।
गॉडफादर और किंगफिशर ब्रांड की बीयर बरामद हुई।
संवाद सूत्र, पदमा (हजारीबाग)। किराना दुकानों की आड़ में अवैध रूप से बीयर की बिक्री किए जाने का पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश किया। पदमा ओपी क्षेत्र के कुटीपीसी गांव में पुलिस ने दो अलग-अलग किराना दुकानों में छापेमारी कर कुल 75 बोतल बीयर बरामद की। मौके से दोनों दुकानदारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने जब्त बीयर को कब्जे में लेकर दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों में नावाडीह निवासी बालदेव प्रसाद मेहता के पुत्र बादल कुमार (20) और कुटीपीसी निवासी गणेश प्रसाद मेहता के पुत्र उपेंद्र कुमार (20) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों अपनी-अपनी किराना दुकानों की आड़ में अवैध तरीके से बीयर की बिक्री कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त की शाम करीब छह बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि कुटीपीसी गांव की कुछ किराना दुकानों में अवैध रूप से विदेशी शराब की बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल उसका सत्यापन कराया। सूचना सही पाए जाने पर बरही एसडीपीओ और पुलिस निरीक्षक, बरही अंचल के निर्देश पर पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने कुटीपीसी गांव में अलग-अलग दुकानों पर छापेमारी शुरू की। पुलिस की कार्रवाई से गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छापेमारी के दौरान बादल कुमार की किराना दुकान से 30 बोतल और उपेंद्र कुमार की दुकान से 45 बोतल बीयर बरामद की गई।
गॉडफादर और किंगफिशर ब्रांड की बीयर जब्त
पुलिस ने बताया कि बरामद बीयर में गॉडफादर और किंगफिशर ब्रांड की बीयर शामिल है। इसमें 650 एमएल की बोतलें और 500 एमएल के कैन बरामद किए गए हैं। दोनों दुकानों से बरामद बीयर की कुल संख्या 75 है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों दुकानदारों तक शराब की खेप कहां से पहुंची और अवैध बिक्री का यह कारोबार कितने समय से चल रहा था। मामले को लेकर बरही (पदमा ओपी) थाना उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छापामारी दल में पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार के अलावा राजेश कुमार हाजरा, संदीप कुमार, आलोक कुमार सोरेन तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बिना लाइसेंस शराब की बिक्री राज्य में प्रतिबंधित है। यह कोई नेपाल नहीं है कि परचून या किराने की दुकान पर बियर बेची जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह खेल तो लंबे समय से चल रहा है।
