विभिन्न अखाड़ों से निकाली गई आकर्षक झांकियां
टाटीझरिया मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम जन्मोत्सव पर सनातन धर्मावलंबियों द्वारा चहुंओर भक्तिभाव व
टाटीझरिया : मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम जन्मोत्सव पर सनातन धर्मावलंबियों द्वारा चहुंओर भक्तिभाव व उत्साह के साथ श्री रामनवमी व्रत मनाया जाता है। वैसे तो हजारीबाग जिला मुख्यालय में इस अवसर पर देश की प्रसिद्ध झांकियां निकाली जाती है। विभिन्न अखाड़ों के भक्तगण रामनवमी के दिन ऊंची और लंबी महावीरी पताकों के साथ धार्मिक यात्राएं निकलती हैं। हजारीबाग शहर में दशमी की रात को विभिन्न अखाड़ों द्वारा लाखों रुपये खर्च कर झांकियां निकाली जाती है। टाटीझरिया प्रखंड क्षेत्र में भी श्री रामनवमी के दिन दोपहर बाद महावीरी पताका और देर रात तक झांकियां निकाली जाती है। शनिवार को भी पिछले वर्ष की भांति देर रात तक रामभक्त झांकियों के बीच डीजे साउंड पर थिरकते रहे।
छोटा डहरभंगा अखाड़ा में देर शाम तक झांकियां आईं, जिनमें बौधा, बड़ा डहरभंगा, छोटा डहरभंगा, केसड़ा, घुघलिया और टाटीझरिया की झांकी शामिल थी। इनमें बौधा की झांकी को प्रथम, टाटीझरिया की झांकी को द्वितीय और केसड़ा को तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया। अंचल अधिकारी विजय कुमार के हाथों इन्हें पुरस्कृत किया गया। उसके बाद इसी मंच पर रात भर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी चला। जिसके सफल संचालन में अध्यक्ष सुनील साव, सचिव कन्हाय राम, रविन्द्र यादव, सुखदेव हजम, पूर्व प्रमुख इश्वरचन्द्र यादव, प्रमुख पति सुरेश यादव, एमके पाठक, कैलाश सिंह, राजू यादव, अजय सिंह, अरुण सिंह, अनिल प्रसाद लगे थे। थाना प्रभारी देवेन्द्र प्रसाद सिंह, एएसआइ शिवजी सिंह, जेठा हेम्ब्रम भी गश्त करते रहे।