मलेशिया से 7 मजदूरों की हुई घर वापसी
विष्णुगढ़ : मलेशिया में फंसे 19 मजदूरों में 7 मजदूरों की शुक्रवार को घर वापसी हो गई
विष्णुगढ़ : मलेशिया में फंसे 19 मजदूरों में 7 मजदूरों की शुक्रवार को घर वापसी हो गई है। इसके पूर्व एक मजदूर की घर वापसी हो चुकी है। घर वापस आने वालों में विष्णुगढ़ स्थित अलखरी के महेंद्र महतो, बेडाहडियारा के मनोज महतो, तुलसी महतो शामिल हैं। इसके अलावा विष्णुगढ़ के सीमावर्ती प्रखंड गोमियां स्थित हुरलुंग गांव के राजेंद्र कुमार, घनश्याम महतो, कतवारी के लालचंद महतो, बगोदर स्थित दोंदलो गांव के बैजनाथ महतो वतन वापस लौटे हैं। बताया गया है कि अच्छी तनख्याह और सूख सुविधा की सब्जबाग दिखाकर विदेश भेजे गए इन ग्रामीण मजदूरों को मलेशिया में कहे के मुताबिक न ही वेतनादि दी जा रही थी। और न ही सुख सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही थी। जबरन उनसे मलेशिया में काम लिया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर मांडू विधायक जयप्रकाश भाई पटेल ने विदेश मंत्री का पत्र लिख मलेशिया में फंसे मजदूरों की वापसी कराने की मांग की थी। मलेशिया में मजदूरों के फंसे होने की जानकारी मिलने पर प्रवासी ग्रुप के एडमिन सिकंदर अली के अलावा जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से मलेशिया में फंसे इन मजदूरों की घर वापसी संभव हुई है।