जयंत ने खुद संभाली ई-रिक्शा की कमान, शहर की सफाई का लिया जायजा
हजारीबाग : स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने ई-रिक्शा से पूरे
हजारीबाग : स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा ने ई-रिक्शा से पूरे शहर का जायजा लिया है। अटल भवन से खुद ही पहले ई-रिक्शा कुछ देर के लिए चलाई। फिर पीछे बैठ गए। उनके साथ आठ-10 ई-रिक्शा पर कार्यकर्ता भी सवार हो गए। अटल भवन से वे सबसे पहले बस स्टैंड पहुंचे। वहां सफाई को लेकर जायजा लिया। मेयर रोशनी तिर्की भी शामिल थीं। बस स्टैंड के बाद वे मालवीय मार्ग होते हुए झंडा चौक पहुंचे। यहां लोगों से सफाई को लेकर उनकी राय जानी। काफी देर तक लोगों से जानकारी हासिल की। फिर उनका ई-रिक्शा आगे की ओर बढ़ चला। नूरा में एक स्थान पर गंदगी देखकर उन्होंने थोड़ी नाराजगी थी दिखाई। उन्होंने तत्काल मेयर रोशनी तिर्की को गंदगी हटवाने का निर्देश दिया। मौके पर कहा कि सफाई से सिर्फ गंदगी ही नही हटती है। कई तरह ही बीमारियों से छुटकारा मिलता है। इस अभियान में सभी बढ़कर हिस्सा लें। हालांकि, शहर की सफाई को लेकर वे पूरी तरह से संतुष्ट नजर नही आए, कहा कि अभी और मेहनत करने की जरूरत है। लोगों की शिकायत दूर हो यह हमारी प्राथमिकता होगी। ई-रिक्शा से शहर भ्रमण करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारी जिम्मेदारी यह भी है कि हम शहर को प्रदूषण मुक्त बनाएं। इसके लिए ई-रिक्शा सबसे बेहतर माध्यम है। उनके साथ जिलाध्यक्ष टुन्नू गोप, भैया अभिमन्यु प्रसाद, नीरज पासवान समेत भाजपा के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।