14 सालों से पकड़ रहे सांप, दे रहा उन्हें नया जीवन
चौपारण : कभी कभी खतरनाक काम करना दिलेर लोगों की आदत में शुमार हो जाता है। कुछ ऐस
चौपारण : कभी कभी खतरनाक काम करना दिलेर लोगों की आदत में शुमार हो जाता है। कुछ ऐसी ही आदत बजरंग टोला निवासी संजय कुमार पासवान की है। दरअसल ईश्वर के प्रति उसकी गहरी निष्ठा है। लगभग 14 साल पूर्व उसने आस्थावश सांप को पकड़ा। उसकी पूजा कर घने जंगल में पहुंचा दिया। इसके बाद उसकी यह आदत जीवन में शुमार हो गई। नेक नियति का यह दौर आज तक बदस्तूर जारी है। इस दौरान उसने अनेक प्रजाति के विषैले फनकारी सांपों को अपने कब्जे में कर सुरक्षित जंगल में पहुंचा दिया। इन सालों में उसने हजार से अधिक सांप पकड़े। आलम यह है कि सांप पकड़ने की उसकी कला का प्रचार प्रसार होने के कारण चौपारण प्रखंड के अलावा आसपास के कई इलाकों से आमंत्रण आता है। लोगों की जान बचाने व सांप को बचाने के शौक व आस्था के कारण वह बिना खर्च के ही वह सांप पकड़ता है। शुक्रवार को भी उसने ऐसे ही एक अत्यंत विषैले व बड़े नाग सांप को लोगों की भीड़ से बचाया तथा जंगल में सुरक्षित पहुंचा दिया। उसके इस शौक व आस्था का प्रचार प्रसार दिन ब दिन बढता जा रहा है। संजय की यह निस्वार्थ सेवा पशु प्रेम को तो दर्शाता ही है साथ ही व जनमानस की भलाई का काम कर रहा है। वन विभाग के काम को भी आसान कर रहा है। उसने बताया कि महज अठारह साल की उम्र से ऐसा करता आ रहा है। उसे सांपों से लगाव है। विशेषकर सावन व बरसात में वह सेवा के लिए तैयार रहता है। बताया कि कई विषैले सांप को पकड़ा है। कहा यह एक शौक व सांप के प्रति लगाव है। उसने बताया कि वह मनसा पूजा बड़े धूमधाम से करता है।