Hazaribagh News: स्कूल गए पांच वर्षीय बच्चे की गड्ढे में डूबने से मौत, शिक्षक स्कूल से गायब
Hazaribagh News आंगो थाना और टाटीझरिया प्रखंड क्षेत्र के बेड़म में 5 वर्षीय कृष्ण कुमार पिता नीलकंठ महतो की मौत पानी भरे गड्ढे में डूबने से हो गई। बच्चा अपनी बहन मंजू कुमारी के साथ स्कूल गया हुआ था।
हजारीबाग, जागरण संवाददाता। आंगो थाना और टाटीझरिया प्रखंड क्षेत्र के बेड़म में 5 वर्षीय कृष्ण कुमार, पिता नीलकंठ महतो की मौत पानी भरे गड्ढे में डूबने से हो गई। बच्चा अपनी बहन मंजू कुमारी के साथ स्कूल गया हुआ था। लंच के समय अपने साथी के साथ वह स्कूल के सामने पानी भरे गड्ढे के पास शौच के लिए गया था।
पानी छूने के क्रम में मिट्टी धंस जाने की वजह से वह गहरे पानी में जा गिरा। उसके साथ आये बच्चों ने शोर मचाया, जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक काफी देर हो चुकी थी। एक घंटे बाद ग्रामीण वहां से बच्चे की लाश निकाले। बच्चे का शव निकालने के बाद शव को ग्रामीण सड़क पर लिटा दिया और वहीं उसकी मां, दादी और घर के लोग चीखने-चिल्लाने लगे।
शिक्षक छुट्टी कर स्कूल से गायब हो गए
इस बीच आंगों थाना प्रभारी धर्मवीर यादव दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेजा। ग्रामीणों को समझाने और मामले को शांत करने तथा मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाने में जगन्नाथ महतो, अजय जैन, लालमोहन महतो, विनोद महतो समेत गांव के लोग लगे हुए थे। जैसे ही बच्चे की मौत की सूचना विद्यालय में पहुंची, शिक्षक छुट्टी कर स्कूल से गायब हो गए।
पुल बनाने का चल रहा काम
ग्रामीणों का कहना था कि पूल बनाने के बाद उक्त स्थल से मिट्टी ले जाकर पुल का एप्रोच रोड बनाया गया था, जिससे यहां गड्ढा बन गया। बरसात में यहां पानी भर गया जो इस बच्चे के लिए काल बन गया। ग्रामीणों का कहना था कि शिक्षक भी विद्यालय में गए बच्चों के प्रति लापरवाह रहे। इसकी मौत की वजह भी यही रही।
परिजनों को फोनकर दी गई जानकारी
बताते चलें कि बच्चे की पिता नीलकंठ महतो वर्तमान में दुबई में हैं। उन्हें फोन कर इसकी सूचना दी गई। उसके दो बेटी और दो बेटे हैं। उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेड़म के प्रधानाध्यापक कमलाकांत प्रसाद ने कहा कि उक्त बच्चे का नामांकन हमारे विद्यालय में नहीं है। कभी-कभी वह अपनी बहन के साथ विद्यालय आ जाए करता था।