विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में सुबह 3 बजे एनकाउंटर, पैर में गोली लगने के बाद एक अपराधी गिरफ्तार; दो साथी भागे

Published: Thu, 30 Jul 2026 09:37 AM (IST)

हजारीबाग के बड़कागांव में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

HighLights

  1. बड़कागांव में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई।

  2. एक अपराधी सैयद निशान के पैर में गोली लगी।

  3. पुलिस ने पिस्टल के साथ अपराधी को किया गिरफ्तार।

संवाद सूत्र,बड़कागांव (हजारीबाग)। बड़कागांव-हजारीबाग मुख्य मार्ग स्थित 13 माइल के चक्रवार जंगल में गुरुवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। 

पुलिस ने घायल अपराधी को गिरफ्तार कर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से एक पिस्टल और एक खोखा भी बरामद किया गया है। फरार अपराधियों की तलाश में जंगल में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी

जानकारी के अनुसार सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच पुलिस को सूचना मिली थी कि चक्रवार घाटी क्षेत्र में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं। सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर दी। 

WhatsApp Image 2026-07-30 at 9.18.30 AM (1)

पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सैयद मोहम्मद जीशान के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रिंस खान गिरोह से जुड़ने की आशंका

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी सैयद मोहम्मद जीशान हजारीबाग का रहने वाला है। वह पहले एनटीपीसी में चालक के रूप में कार्य कर चुका है, जबकि वर्तमान में लातेहार में रहकर काम करने की जानकारी मिली है। 

WhatsApp Image 2026-07-30 at 9.18.30 AM

प्रारंभिक जांच में घटना के तार प्रिंस खान गिरोह से जुड़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क, साथियों और मंशा की गहन जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

WhatsApp Image 2026-07-30 at 9.18.29 AM

गौरतलब है कि पांच दिन पहले 25 जुलाई की देर रात भी इसी क्षेत्र में अपराधियों ने एक हाइवा पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

अपराधियों के क्षेत्र में होने की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की थी। इससे घबराकर अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जिसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। साक्ष्यों के आधार पर कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। - अमन कुमार, पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग।