Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड की ये 12 महिलाएं ED की रडार पर, जांच एजेंसी ने भेज दिया 113 पन्नों का नोटिस; आखिर क्‍या है घोटाला?

    झारखंड में ईडी की कार्रवाई लगातार जारी है। अब इसी क्रम में अब प्रवर्तन निदेशालय ने हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड के झरपो गांव की 12 महिलाओं को समन भेजा है। इन महिलाओं के बैंक खातों में विदेश से 3.90 करोड़ रुपये का लेनदेन होने का आरोप है जबकि महिलाओं को इसकी कोई जानकारी ही नहीं है। महिलाओं को 113 पन्नों का नोटिस भेजा गया है।

    By arvind rana Edited By: Arijita Sen Updated: Fri, 23 Feb 2024 10:19 AM (IST)
    Hero Image
    झरपो की 12 महिलाओं को ईडी का नोटिस, बैंक खातों में 3.90 करोड़ का लेनदेन

    संवाद सूत्र, टाटीझरिया (हजारीबाग)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड के झरपो गांव की 12 महिलाओं को समन भेजा है। इन महिलाओं के बैंक खातों में विदेश से 3.90 करोड़ रुपये का लेनदेन होने का आरोप है। उधर, महिलाओं का कहना है कि उन्हें इस लेनदेन की कोई जानकारी ही नहीं है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महिलाओं के अनुसार, दो फरवरी को कुल 12 महिलाओं को ईडी ने 113 पन्नों का नोटिस भेजा है। जब कई बैंकों के कर्मचारी इन महिलाओं के पास पूछताछ करने के लिए पहुंचे तो इनके पसीने छूट गए। इसके बाद महिलाओं ने टाटीझरिया थाने पहुंचकर अपनी पीड़ा साझा की है।

    प्रलोभन देकर महिलाओं का खुलवाया बैंक खाता

    महिलाओं का कहना है कि गुड़िया देवी नामक एक महिला ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। टाटीझरिया थाने में सुनीता देवी ने लिखित आवेदन दिया है। उनके बैंक खाते से छह लाख रुपये की निकासी होने की बात कही गई है। जबकि उन्हें इसकी कोई जानकारी ही नहीं है। सुनीता देवी ने थाने को दिए गए आवेदन में लिखा कि भराजो गांव निवासी गुड़िया देवी पति अरुण प्रसाद ने कई प्रकार का प्रलोभन देकर हजारीबाग में कुल 21 महिलाओं का बैंक खाता खुलवाया था।

    इस तरह से महिलाओं संग किया गया धोखा

    14 जनवरी 2023 को झरपो के भुइयां टोली की महिलाओं के साथ गुड़िया देवी ने बैठक की थी। उसने महिलाओं को कुटीर व लघु उद्योग शुरू करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद हर महिला से क्रमश: 170-170 रुपये लेकर पंजीयन कराया।

    बताया कि महिलाओं को अगरबत्ती व मोमबत्ती बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। महिलाएं इन चीजों का उत्पादन करेंगी। महिलाएं झांसे में आ गईं। 21 महिलाओं को गुड़िया देवी के माध्यम से हजारीबाग में एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, आइसीआइसीआइ बैंक में खाता खोल दिया। चेकबुक व एटीएम भी जारी कर दिया गया।

    गुड़िया देवी ने महिलाओं से चेकबुक पर हस्ताक्षर कराकर अपने पास रख लिया। एटीएम भी अपने पास ही रख लिया। इसके बाद गुड़िया देवी ने महिलाओं को क्रमश: दो-दो हजार रुपये दिए। घर आने के नाम पर एक-एक हजार रुपये ले लिए। इतना ही नहीं एक बार उसने महिलाओं के बीच साड़ी का भी वितरण किया।

    ईडी की नोटिस पर ठगी होने का चला पता

    महिलाओं का कहना है कि उनके बैंक खाते में कब कितने रुपये आए, कभी पता नहीं चला। जब ईडी का नोटिस आया और बैंक अधिकारी जांच करने के लिए घर आए तब पता चला कि ठगी हो गई है।

    अब गुड़िया देवी का फोन भी बंद है। मालूम हो कि ये सभी महिलाएं गरीब परिवार से हैं। इनके घरों में जरूरत के सामान तक मौजूद नही हैं। ऐसे में इनके खातों से करोड़ों रुपये की लेन-देन की खबर ने पूरे गांव के होश उड़ा दिए हैं।

    क्या है पूरा मामला

    19 दिसंबर, 2023 को विदेशी करेंसी से जुड़े साइबर ठगी की जांच के क्रम में पटना के गुलजार बाग स्थित आदर्श गेस्ट हाउस सातिमपुर के कमरा नंबर 202 में छापामारी की थी।

    होटल में जांच के दौरान नितेश कुमार पिता अरबिंद कुमार, पूर्वी अखिलेश नगर, महारानी कालोनी, गुलजार बाग, पटना, बिहार को इडी की टीम ने पकड़ा और उसके कमरे की तलाशी ली।

    तलाशी के दौरान कमरे से लगे बाथरुम में एक प्लास्टिक की थैली थी , जिसमें नितेश कुमार ने कुछ कपड़े रखे थे। जांच में कुछ दस्तावेज मिले। नितेश कुमार का मोबाइल फोन और लैपटाप भी पकड़ा गया।

    जांच में इन महिलाओं के नाम पते, पासबुक, बैंक खाता की जानकारी और अन्य जानकारी मिली। इसके बाद इसके निशानदेही पर ईडी की टीम ने 28 दिसंबर को कोलकाता में छापामारी कर सागर यादव और संतोष यादव को पकड़ा।

    इनके पास से भी साइबर ठगी से संबंधित दस्तावेज मिले और इनके खातों का विवरण मिला। मौके से इडी को तीन करोड़ रुपये नगदी सहित अन्य दस्तावेज मिले थे। इसी के आधार पर पटना की इडी कार्यालय की ओर से इनमें महिलाओं को नोटिस जारी कर खाते से संबंधित जानकारी मांगी गई है।

    • उमा देवी पति भुवनेश्वर भुइयां।
    • बाली देवी पति राजेंद्र भुइयां।
    • सरिता देवी पति भुवनेश्वर भुइयां।
    • सुनीता देवी पति काली रविदास।
    • चमेली देवी पति महेंद्र भुइयां।
    • कौलेश्वरी देवी पति नारायण सिंह।
    • वीना देवी पति ज्ञानी भुइयां।
    • नीतू देवी पति रामू भुइयां।
    • संजू देवी पति गोवर्धन भुइयां।
    • सोनिया देवी पति प्रकाश भुइयां।
    • हेवंती देवी पति नंदू भुइयां।
    • सोनी देवी पति टिंकू साव।

    इन महिलाओं का भी खुला बैंक खाता

    • उर्मिला देवी पति कारू भुइयां।
    • सुनीता देवी पति मानती भुइयां।
    • मुन्नी देवी पति सूरज कुमार।
    • पूनम देवी पति झुमरा भुइयां।
    • मालो देवी पति तेतर भुइयां।
    • ममता देवी पति श्री भुइयां।
    • सावित्री देवी पति राजेंद्र भुइयां।
    • गीता देवी पति अमीर भुइयां।
    • यशोदा देवी पति मनोज भुइयां।

    यह भी पढ़ें: अब होटवार जेल में नहीं रहेंगे हेमंत... पूर्व सीएम के लिए नए ठिकाने की तलाश, इस वजह से किए जाएंगे शिफ्ट

    यह भी पढ़ें: शादी के नाम पर बार-बार बनाता था शारीरिक संबंध, प्रेमी के झूठ के आगे हारी प्रेमिका, पटरी पर चलती ट्रेन के आगे...