बिहार से कोयला लेने पहुंची मालगाड़ी में मिला शव; हजारीबाग की बानादाग रेलवे साइडिंग पर अफरा-तफरी
हजारीबाग की बानादाग रेलवे साइडिंग पर बिहार से कोयला लेने आई मालगाड़ी के वैगन में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है।

हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित बानादाग रेलवे साइडिंग में मालगाड़ी के वैगन से बोरे में बंद शव बरामद हुआ।
HighLights
मालगाड़ी के वैगन में मिला अज्ञात शव।
शव पर चोट के निशान, हत्या की आशंका।
पुलिस ने जांच शुरू की, पहचान जारी।
संस, हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित बानादाग रेलवे साइडिंग में मंगलवार को बिहार से कोयला लोड करने पहुंची एक मालगाड़ी के वैगन (डिब्बे) से बोरे में बंद एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है।
मालगाड़ी से लाश मिलने की खबर फैलते ही रेलवे साइडिंग पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां इकट्ठा हो गए।
सुरक्षा जांच के दौरान खुला राज
मिली जानकारी के अनुसार, बानादाग रेलवे साइडिंग पर सामान्य सुरक्षा जांच चल रही थी। इसी दौरान कर्मचारियों की नजर मालगाड़ी के एक वैगन में रखे संदिग्ध बोरे पर पड़ी।
संदेह होने पर जब कर्मचारियों ने बोरे को खोला, तो उसके अंदर एक अज्ञात पुरुष का शव देखकर उनके होश उड़ गए। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी।
खबर मिलते ही कटकमदाग थाना पुलिस, रेलवे पुलिस (GRP), सीआईएसएफ (CISF) और एनटीपीसी (NTPC) के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या कर शव को छुपाने के इरादे से वैगन में फेंकने की आशंका जताई जा रही है। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से कुछ रुपये भी बरामद हुए हैं।
कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
पहचान की कोशिशें जारी
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र और पहचान अभी तक साफ नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों और बिहार के संबंधित क्षेत्रों से संपर्क कर मृतक की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।
इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह मालगाड़ी कहां-कहां रुकी थी और शव को वैगन में कब डाला गया। इस घटना के बाद लोग दहशत में हैं।
