देश की तकदीर का फैसला करेगा 2019 का चुनाव : रघुवर दास
केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा मे हजारीबाग से किया नामांकन मंत्री सुरेश प्रभु और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत कई हुए जुलूस और सभा में शामिल भाजपा ने किया रोड शो
जागरण संवाददाता, हजारीबाग : 2019 का लोकसभा चुनाव देश की तकदीर का फैसला करनेवाला है। यह नए भारत के निर्माण का जनादेश है। ये बातें सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मटवारी गांधी मैदान में केंद्रीय मंत्र सह सांसद जयंत सिन्हा के नामांकन कार्यक्रम को लेकर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही। कहा कि आतंकवाद, उग्रवाद से ग्रसित देश में उसे समाप्त करने के संकल्प के साथ वर्ष 2014 में भाजपा सरकार सत्ता में आई थी, उस पर लगाम लगाने का काम किया है। साथ ही उन्होंने जनता को ताकीद की कि यह आपकी जिम्मेवारी है कि कोई मीर जाफर, जयचंद कहीं से जीत न आए। विकास बोलता है, इस कारण आज झारखंड देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में आ चुका है। साथ ही कहा कि चुनाव के बाद राज्य के 32 हजार गांवों में शहरों की तर्ज पर स्ट्रीट लाइट लगाकर उसे रोशन किया जाएगा। -------------- देश दोराहे पर खड़ा है, जनता करे फैसला : सुरेश प्रभु हजारीबाग : जयंत सिन्हा के नामांकन पर विशेष तौर पर पहुंचे केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि देश आज दोराहे पर खड़ा है। जहां जनता को फैसला करना है कि उसे विकास चाहिए या लूट। उसे काम चाहिए या बातें। साथ ही कहा कि आज तक जो काम किसी सरकार ने नहीं किया, वह मोदी सरकार ने किया है। आज पूरे विश्व में हमारे देश की आवाज को गौर से सुना जाता है। मोदी को एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए कमल निशान पर भाजपा को वोट देने की अपील की। कहा कि जयंत को वोट देंगे तो क्षेत्र भी सुरक्षित होगा और देश भी। ये थे कार्यक्रम में मौजूद
भाजपा जिलाध्यक्ष टुन्नू गोप की अध्यक्षता में गांधी मैदान में आयोजित सभा को स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, पेयजल व स्वच्छता मंत्री सह गिरिडीह लोकसभा के प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी, राज्य बीस सूत्री के उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, राजमहल विधायक अनंत ओझा, धनबाद विधायक राज सिन्हा , हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, आजसू हजारीबाग जिलाध्यक्ष विकास राणा, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अमित सिंह, भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव सहित बड़ी संख्या में वक्ताओं ने संबोधित किया।