विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चरही में भीषण दुर्घटना: तेज रफ्तार ट्रेलर के उड़े परखच्चे, केबिन में फंसे बिहार के चालक ने गंवाई जान

Published: Sun, 24 May 2026 10:32 PM (IST)

हजारीबाग के चरही में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर तीन खड़े वाहनों को ...और पढ़ें

हादसे के बाद ट्रेलर की केबिन में फंसा चालक।

हादसे के बाद ट्रेलर की केबिन में फंसा चालक।

HighLights

  1. तेज रफ्तार ट्रेलर ने तीन वाहनों को टक्कर मारी।

  2. हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत।

  3. तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।

संसू, चरही (हजारीबाग)। हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) स्थित ओवरब्रिज के समीप रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी और पलट गया। 
 
यह टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रेलर के परखच्चे उड़ गए और उस पर लदी ईंटें सड़क पर बिखर गईं। इस दुर्घटना में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
 

केबिन में बुरी तरह फंस गया था चालक 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के शेखपुरा से ईंट लेकर रांची की ओर जा रहा ट्रेलर (BR 52G 7513) सुबह करीब छह बजे अचानक अनियंत्रित हो गया। रफ्तार तेज होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सड़क किनारे लाइन होटलों के पास खड़े ट्रकों से जा टकराया।

दुर्घटना में ट्रेलर का केबिन पूरी तरह पिचक गया। इसमें बिहार के नवादा जिले के कमलपुरी गांव निवासी 27 वर्षीय चालक नवलेश कुमार यादव (पिता सीताराम यादव) बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
 

तीन लोग हुए घायल, अस्पताल में भर्ती 

इस हादसे में ट्रेलर के खलासी हीरा कुमार के अलावा, वहां खड़े दूसरे ट्रक (UP 83BT 4773) के सवार 35 वर्षीय चुना सिंह और एक कंटेनर वाहन के सवार 40 वर्षीय संजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। 
 
घटना की सूचना मिलते ही चरही थाना पुलिस और एनएचएआई (NHAI) की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे खड़ा ट्रक (UP 83BT 4773) प्लास्टिक दाना लेकर पानीपत से विशाखापट्टनम जा रहा था। उसका चालक चाय पीने के लिए होटल के पास रुका हुआ था, तभी यह हादसा हुआ। 

 

हाइड्रा मशीनों से हटाया गया जाम 

घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। चरही पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तुरंत राहत कार्य शुरू किया। प्रशासन द्वारा दो हाइड्रा मशीनों को मंगाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और मलबे को बीच सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।