भतीजे से घूस लेते मुखिया को एसीबी ने किया गिरफ्तार
bribe. झारखंड के हजारीबाग में एसीबी की टीम ने भतीजे से घूस लेते मुखिया को गिरफ्तार किया है।
संवाद सूत्र, कटकमदाग (हजारीबाग)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते मसरातू पंचायत के मुखिया रियासत अली को गिरफ्तार किया है। मुखिया ने 70 हजार रुपये का चेक काटने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की थी। पैसे भी अपने भतीजे हसन रजा से मांग रहा था। भतीजे की सूचना पर ही एसबीबी हजारीबाग की टीम ने उसे मसरातू स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि 2 लाख 46 हजार रुपये की योजना थी। इसमें विगत 22 अक्टूबर को ही बिल की राशि पंचायत सेवक द्वारा स्वीकृत करने के बाद मुखिया को हस्ताक्षर के लिए दिया गया था। लेकिन चेक पर साइन करने के नाम पर मुखिया अपने भतीजे को ही तीन माह तक दौड़ाता रहा। बीडीओ ने चेक देने के लिए मुखिया को कहा था। लेकिन इसके बाद भी रियासत अली चेक देने को तैयार नही हुआ।
मजबूर होकर हसन रजा को एसीबी में शिकायत करनी पड़ी। एसीबी के इंस्पेक्टर इंदुभूषण ओझा की टीम ने कार्रवाई कर मुखिया को गिरफ्तार किया है। एसीबी की इस कार्रवाई से प्रखंड में हलचल मच गई।