हजारीबाग में पेड़ से टकराई युवक की बाइक, हेलमेट नहीं रहने से गई जान
Jharkhand. चौपारण चतरा पथ में बारा मोड के समीप सड़क दुर्घटना में बाइक से घर जा रहे एक युवक की मौत हो गई। युवक पेशे से चालक था।
चौपारण (हजारीबाग) जेएनएन। चौपारण चतरा पथ में बारा मोड के समीप सड़क दुर्घटना में बुधवार सुबह एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान इटखोरी के टोनाटांड निवासी 35 वर्षीय बीरु चंद्रवंशी के रूप में की गई है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार युवक पेशे से ट्रक चालक था। दो दिन पूर्व बरही में ट्रक पार्क कर वह अपने घर में था। बुधवार सुबह वह ट्रक को देखकर बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था।
इसी क्रम में तेज गति से चल रही उसकी बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हेलमेट नहीं रहने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। अत्यधिक रक्तस्त्राव के कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस को सूचना मिलने पर उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया गया है।
इधर घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन बड़ी संख्या में चौपारण पहुंचे। परिजनों ने बताया कि मृतक घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। अब उसकी मौत के बाद पत्नी, दो बेटे व दो बेटी अनाथ हो गए हैं। सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।