हजारीबाग: रात में घर के अंदर फन फैलाए बैठा था 5 फीट का कोबरा, देखते ही मची अफरा-तफरी; बारिश के बीच हुआ रेस्क्यू
हजारीबाग के बरही में कारू रविदास के घर में पांच फीट लंबा कोबरा घुस गया, जिससे परिवार में हड़कंप मच ...और पढ़ें

हजारीबाग के बरही में घर में घुसा कोबरा। जागरण
HighLights
हजारीबाग के बरही में घर में घुसा कोबरा।
वन विभाग की टीम ने रात में किया रेस्क्यू।
संवाद सूत्र, बरही (हजारीबाग)। हजारीबाग में रात का खाना खाने के बाद कारू रविदास का परिवार सोमवार की रात सोने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान घर के अंदर से तेज फुफकारने की आवाज सुनाई दी। टार्च की रोशनी में नजर पड़ी तो करीब पांच फीट लंबा कोबरा नाग कुंडली मारे फन उठाए बैठा था। विशाल कोबरा को देखते ही परिवार में अफरातफरी मच गई।
मामला दुलमाहा पंचायत के लखना गांव का है। सांप को देखने के बाद ग्रामीण मौके पर जुटे। हालांकि, किसी ने उसे छेड़ने या पकड़ने का प्रयास नहीं किया और तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। फॉरेस्टर अमर आनंद सरस्वती ने सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा।
रात करीब 10 बजे बारिश के बीच वन विभाग की टीम कारू रविदास के घर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे बेलादोहर के घने जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। सांप के रेस्क्यू होने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू टीम में वनरक्षी संजीत कुमार, राकेश कुमार सिंह, बासुदेव मालाकार और अर्जुन यादव शामिल थे। वन विभाग के अनुसार, आसपास झाड़ियां होने और लगातार बारिश के कारण सुरक्षित ठिकाने की तलाश में कोबरा के घर में घुस आने की आशंका है। गनीमत रही कि सांप ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया।
एक दिन पहले भी विधायक के आवास में घुसा था धामन
रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने बताया कि रविवार की रात भी बरही-पटना रोड स्थित विधायक मनोज कुमार यादव के आवास की दूसरी मंजिल के एक कमरे में धामन सांप घुस गया था। हालांकि धामन जहरीला सांप नहीं होता है। वन विभाग की टीम ने उसे भी सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया था।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे छेड़ने, मारने या खुद पकड़ने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित स्थान पर छोड़ सके
