यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Hazaribagh: स्टील प्लांट ब्लास्ट में गंभीर रूप से घायल 3 और मजदूरों की मौत, विस्फोट हादसा या फिर लापरवाही? जांच करेगी पुलिस
Hazaribagh Steel Plant Blast झारखंड के हजारीबाग स्थित पवन पुत्र स्टील प्लांट में हुए विस्फोट में गंभीर रुप से घायल ...और पढ़ें

HighLights
- पवन पुत्र स्टील प्लांट में गंभीर रुप से घायल तीन और मजदूरों की मौत
- प्लांट में पसरा सन्नाटा, काम रहा ठप, श्रम विभाग मृतकों को देगा मुआवजा
- पांच सदस्यीय दल कर रहा जांच, घटना के कारणों को जानने का हो रहा प्रयास
जागरण संवाददाता, बरही (हजारीबाग)। मंगलवार को बरही में संचालित पवन पुत्र स्टील प्लांट में हुए विस्फोट में गंभीर रुप से घायल तीन अन्य की भी मौत हो गई।
रांची के देवकमल अस्पताल में घायलों ने चिकित्सा के दौरान बुधवार की सुबह दम तोड़ दिया। इस तरह इस घटना में गंभीर रुप से घायल सभी पांच मजदूरों की मौत हो गई।
बताते चलें कि घटना के दौरान एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे मजदूर ने रांची ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया था।
80-90 प्रतिशत तक झुलस गए थे मजदूर
चिकित्सकों ने बताया था कि ब्लास्ट के बाद मजदूर 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस गए थे। तीन और मजदूरों की मौत के बाद बरही में शोक की लहर है।
मृतकों के नाम
बुधवार को मृत तीनों मजदूरों का पोस्टमार्टम के बाद शव उनके स्वजन को सौंप दिया गया। मृतकों में उत्तर प्रदेश जिला आजमगढ़ के अहिरौला पाकरपुर ग्राम निवासी शैलेश यादव एवं उत्तर प्रदेश के ही श्रमिक राजीव कुमार व राजेश कुमार है।
अबतक नहीं दर्ज की जा सकी एफआईआर
घटना को लेकर बरही थाना में बुधवार शाम तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
विस्फोट हादसा या फिर लापरवाही? जांच करेगी पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि विस्फोट हादसा है या फिर लापरवाही? इसकी जांच के आदेश जारी किए गए हैं। उपायुक्त नैंसी सहाय के आदेश पर बरही एसडीओ जोहन टुडू के नेतृत्व में पांच सदस्यीय दल घटना की जांच कर रही है। उन्हें 72 घंटे के अंदर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
