युवक की गिरफ्तारी के विरोध में ग्रामीणों ने दिया धरना
संवाद सूत्र विष्णुगढ़(हजारीबाग) प्रखंड के बरहमोरिया गांव के ग्रामीणों एवं महिलाओं ने ग
संवाद सूत्र विष्णुगढ़(हजारीबाग) : प्रखंड के बरहमोरिया गांव के ग्रामीणों एवं महिलाओं ने गुरुवार को वनरक्षी द्वारा युवक को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में विष्णुगढ़ वन परिसर में धरना दिया। ग्रामीण युवक को छोड़ने के एवज में रुपये मांगने का भी आरोप वनरक्षी पर लगा रहे थे। ग्रामीणों के आरोप को सरिया रेंज अफसर एके सिन्हा ने बेबुनियाद बताते हुए किसी वनरक्षी द्वारा रुपये मांगे जाने से इन्कार किया है।
बताते हैं वनों के बेहतर आच्छादन के लिए पेड़ों की क्रॉपिग कराई जा रही है। इससे पेड़ों की कटी टहनियों को गांव के एक युवक अजय कुमार बिना किसी को बताए ले जा रहा था। युवक को ऐसा करने से रोका गया लेकिन वह नही माना। मौके पर तैनात वनरक्षी ने युवक को पकड़ कर विष्णुगढ़ वन परिसर ले आया। ग्रामीणों के कहने पर कार्यवाही कर युवक को गांव के एक राजनैतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता को सुपुर्द कर दिया गया। बाद में युवक को छोड़ दिया गया। इसे लेकर ग्रामीणों ने दूसरे दिन भी प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने वन प्रमंडल पदाधिकारी के नाम एक पत्र भी सौंपा।
इस संबंध में सरिया रेंज अफसर ने बताया कि गल से लकड़ी ले जा रहे युवक को जरूर पकड़ा गया था। लेकिन जरूरी की कार्यवाही कर उसे छोड़ भी दिया गया। वनरक्षी पर रुपये मांगने का आरोप निराधार है। हालांकि मामला सामने आया है। इसकी जांच की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर पूर्व जिप सदस्य जयप्रकाश सिंह पटेल, पूर्व मुखिया दामोदर महतो, जग्रनाथ महतो, बासुदेव महतो, निलकंठ महतो, वचनराम मेहता आदि उपस्थित थे।