बढ़ गई दुर्घटनाएं, प्रदूषण से 200 लोग टीबी से ग्रसित
हजारीबाग : जिले के केरेडारी-बड़कागांव से फतहा चौक तक जर्जर सड़क की स्थिति के कार
हजारीबाग : जिले के केरेडारी-बड़कागांव से फतहा चौक तक जर्जर सड़क की स्थिति के कारण इलाके के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। जर्जर सड़क से तेज रफ्तार वाहनों विशेषकर हाइवा परिचालन के कारण सड़क बद से बदतर हो गई है। जर्जर सड़क पर कोयला लदे तेज रफ्तार हाइवा के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे कई लोगों की जान जा चुकी है। वहीं दूसरी ओर प्रदूषण के कारण क्षेत्र में टीबी का प्रकोप बढ़ गया है। वर्ष 2017 से लेकर अब तक 200 लोग टीबी से ग्रसित हो चुके हैं। यह बातें झामुमो केंद्रीय सचिव व जिला परिषद बड़कागांव पूर्वी सदस्य संजीव कुमार बेदिया ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में प्रदर्शन के दौरान अपने संबोधन में कही। इस अवसर पर झामुमो जिलाध्यक्ष शंभु लाल यादव, किशोर राणा, नइम राही, मनोहर राम, दिगंबर मेहता, झमन प्रसाद आदि शामिल थे।
बाद में उपायुक्त को मांगों संबंधी ज्ञापन सौंपा गया जिसमें इन समस्याओं को जल्द से जल्द दूर करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि एक पखवारे के भीतर इन समस्याओं का निराकरण किया जाए। अन्यथा बड़े पैमाने पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा और बड़कागांव चौक को अनिश्चितकालीन अवधि के लिए जाम कर दिया जाएगा।