हाथों में लगी थी मेहंदी, दुल्हन पहुंची मतदान केंद्र
बरही (हजारीबाग) लोकसभा चुनाव में पांचवे चरण की वोटिग के दौरान लोगों का अलग-अलग अंदाज
बरही (हजारीबाग): लोकसभा चुनाव में पांचवे चरण की वोटिग के दौरान लोगों का अलग-अलग अंदाज देखने को मिला। बरही प्रखंड अंतर्गत उच्च विद्यालय बरही सखी बूथ संख्या 320 पर हाथों में मेहंदी लगाए व हल्दी लगा दुल्हन वोट डालने पहुंची। सरिता कुमारी अपने पिता नारायण महतो के साथ मतदान केंद्र मतदान करने पहुंची थी। दुल्हन के घर में शुभ बारात का आगमन होने की पावन तिथि होती है, निश्चित रूप से उस घर मे कई तरह तैयारी व कई व्यस्तताएं होती है, कितु इस कीमती समय में भी मताधिकार को प्राथमिकता देना दूसरों के लिए प्रेरणादायक है। उनके पिता नारायण महतो ने कहा कि आज ही चुनाव के दिन 6 मई की रात्रि में बारात आगमन व उनकी पुत्री का विवाह है। इसकी तैयारी में वे लोग लगे हैं। किन्तु लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान करना भी अति आवश्यक है। इसलिए सब काम छोड़कर पहले मतदान करने आए हैं। सरिता कुमारी ने कहा कि हर नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। नोडल पदाधिकारी सह बरही सीओ ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे मतदाताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।