फायरिग करने वाले युवक की पिटाई,किया पुलिस के हवाले
संवाद सूत्र बसिया कोनबीर बस्ती में शुक्रवार की रात राम नायक के घर में धावा बोलकर पिस्टल
संवाद सूत्र, बसिया: कोनबीर बस्ती में शुक्रवार की रात राम नायक के घर में धावा बोलकर पिस्टल से फायरिग करने के आरोपित घाघरा निवासी संतोष साहु की ग्रामीणों ने जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर पुलिस घटना स्थल पहुंची। जहां संतोष साहु को नाइन एमएम पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। जानकारी के अनुसार संतोष साहु भागिडेरा स्थित अपने जीजाजी बाबूलाल साहु के शराब दुकान की देख रेख करता है। वह अपने बुलेट मोटरसाईकिल से देर रात तक कोनबीर में घूमता रहता है। युवक कोनबीर में ही राम नायक के घर के बगल में ही किराए के मकान में रहता है। शुक्रवार देर रात लगभग 10 बजे आया और बुलेट स्टार्ट कर उसका एक्सलेटर घुमाकर जोर जोर से आवाज निकालने लगा। आस पास के लोगों ने जब उसे ऐसा करने से मना किया तब वह पिस्टल निकालकर हवाई फायरिग करने लगा। मना करने वाले युवकों को ढूंढते हुए राम नायक के घर के दरवाजे को पैर से मारकर खोल दिया। आवाज सुनकर आस पास के लोग जुट गए और उसकी धुनाई कर दी। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार महतो ने बताया कि संतोष आपराधिक प्रवृत्ति का युवक है। पूर्व में भी घाघरा थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में जेल जा चुका है।