पत्नी सहित दो महिलाओं की पीट-पीटकर हत्या, गिरफ्तार
man arrested in murder of wife. झारखंड के गुमला में पत्नी सहित दो महिलाओं की हत्या के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
भरनो (गुमला)। करंज थाना क्षेत्र के लोंडरा तेतरटोली गांव में शनिवार की सुबह मनसू उरांव ने अपनी पत्नी छेदन देवी (65) और बसंती देवी (60) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पत्नी की हत्या के बाद उसने शव को गांव के तालाब में डाल दिया। पुलिस ने हत्यारोपित मनसू उरांव को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि मनसू ओझा गुणी के साथ खेती-बारी का काम करता था। वह प्रतिदिन भैंस चराने जाता था लेकिन गत तीन दिनों से वह विक्षिप्त जैसा व्यवहार कर रहा था। गांवों के कई लोगों व पशुओं को मारने के लिए दौड़ता था। शनिवार की सुबह किसी बात को लेकर वह अपनी पत्नी को मारने के लिए दौड़ा। उसकी पत्नी छेदन देवी जान बचाने के लिए तालाब के समीप भाग गई। मनसू वहां पहुंचा लाठी से जमकर उसकी पिटाई कर दी मौत के घाट उतार दिया। बीच बचाव करने आई स्व. मेघनाथ उरांव की पत्नी बसंती देवी की भी उसने जमकर पिटाई कर दी। घायलावस्था में बसंती देवी को इलाज के लिए सिसई रेफरल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर करंज पुलिस वहां आई और तालाब से छेदन देवी का शव निकलवाया और ग्रामीणों द्वारा बांधकर रखे गए मनसू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। एसडीपीओ दीपक कुमार ने बताया कि मारी गई दोनों महिलाओं के पुत्र बाहर ईंट-भट्ठा में मजदूरी करने गए हुए हैं। उन लोगों को घटना की जानकारी दे दी गई है।