बंधक बनाकर छात्रा से दुष्कर्म, बेचने का प्रयास
छात्रा के पिता ने बताया कि उसने अपने पुत्री के लापता होने का सनहा चैनपुर थाना में दर्ज कराया था।
चैनपुर (गुमला)। बंधक बनाकर हथियार के बल पर छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना झारखंड के गुमला की है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, चैनपुर के कुरुमगढ़ चौक से 13 मार्च की शाम एक 19 वर्षीय छात्रा का अपहरण अपराधी छवि वाले राजा नायक ने कर लिया। उसे जबरन अपनी मोटरसाकिल में बैठाकर जंगल ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। रात होने पर अंधेरे में आरोपित उसे चैनपुर बस पड़ाव स्थित अपने घर ले आया और हथियार का भय दिखा 17 दिनों तक बंधक बनाए रखा व जब-तब दुष्कर्म करता रहा। वह रविवार को उसे बेचने के लिए दिल्ली ले जा रहा था, तभी रांची स्टेशन पर भीड़ का फायदा उठाकर लड़की भाग निकली और शाम को अपने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई।
छात्रा के बयान पर सोमवार को चैनपुर थाने में राजा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। तिगावल गांव की छात्रा छत्तीसगढ़ के राजपुर में अपने नानी के घर रहकर इंटर की पढ़ाई कर रही है। कुछ दिन पहले वह अपने गांव आई थी। 13 मार्च को वह चैनपुर घूमने गई थी, तभी लौटने के क्रम में कुरूमगढ़ चौक के पास राजा नायक ने उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठने को कहा, जब छात्रा ने बात नहीं मानी तो उसे डरा कर बैठने पर मजबूर किया और जंगल ले जाकर दुष्कर्म किया।
छात्रा के पिता ने बताया कि उसने अपने पुत्री के लापता होने का सनहा चैनपुर थाना में दर्ज कराया था। लेकिन पुलिस ने उसे खोजने में गंभीरता नहीं दिखाई, जबकि चैनपुर में ही छात्रा को रखा गया था। बताया गया कि आरोपित पहले भी दुष्कर्म के आरोप में जेल जा चुका है। वहीं, चैनपुर चौक पर कई अपराधिक मामलों में भी उसका नाम आ चुका है।