पारा शिक्षकों को रांची जाने से रोकने के लिए लगा पुलिस बैरियर
गुमला : राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में भाग लेने के लिए जहां पारा शिक्षक अमादा हैं वहीं प्रशासन ने उन्हें रांची जाने से रोकने का इंतजाम करना आरंभ कर दिया है।
गुमला : राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में भाग लेने के लिए जहां पारा शिक्षक अमादा हैं वहीं प्रशासन ने उन्हें रांची जाने से रोकने का इंतजाम करना आरंभ कर दिया है। राज्य स्थापना दिवस पर रांची मोरहाबादी में होने वाले मुख्य समारोह में पारा शिक्षकों ने भाग लेने का निर्णय ले रखा है। पारा शिक्षक अपना सेवा स्थायी कराने और वेतनमान दिए जाने की मांग को लेकर लंबे अरसे से आंदोलित हैं। संघ द्वारा यह घोषित किया जा चुका है कि यदि स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री उनकी मांग नहीं मानेंगे तो कार्यक्रम स्थल पर ही मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाएंगे और 16 नवंबर से बेमियादी हड़ताल आरंभ कर देंगे। राज्य सरकार की दी गई चेतावनी का पारा शिक्षकों पर कोई असर दिखाई नहीं पड़ रहा है। राज्य सरकार ने स्थापना दिवस के अवकाश को रद्द भी कर दिया है। पारा शिक्षकों को रांची जाने से रोकने के लिए पुलिस द्वारा बेरियर लगाए जाने का काम किया गया है। कामडारा में भी थाना प्रभारी काजल दूबे द्वारा बेरियर लगाने का काम किया गया है। हालांकि थाना प्रभारी ने बताया कि बैरियर सुरक्षा के दृष्टिकोण से लगाए गए हैं। पारा शिक्षकों और रसोइयों को रांची जाने से रोकने का भी काम किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि अधिसंख्य पारा शिक्षक बुधवार को ही रांची के लिए कूच कर गए हैं।