सामूहिक दुष्कर्म के मामले के नौ आरोपित गिरफ्तार, एक ने की खुदकुशी
संवाद सूत्र गुमला गुरदारी थाना क्षेत्र अंतर्गत जोभीपाठ के चापाकोना बक्सी पतरा के समीप दशहरा द
संवाद सूत्र, गुमला :गुरदारी थाना क्षेत्र अंतर्गत जोभीपाठ के चापाकोना बक्सी पतरा के समीप दशहरा देखकर लौट रही दो मौसेरी बहनों के साथ शनिवार की रात हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्त समीन असुर व प्रेम उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपित अजीत भगत ने भयवश अपने ही घर में खुदकुशी कर ली, जबकि शेष सात अभियुक्त फरार थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार की देर शाम गुमला के बिरसा एग्रो पार्क के समीप एक आरोपित के बहन के घर छापेमारी की जहां सातों आरोपित छुपे हुए थे। पुलिस ने मौके से सतीश, शनि, संजय उरांव, अर्जुन भगत, धर्मचंद, सोमेश्वर भगत और महेश को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी डा.ऐहतेशाम वकारिब ने संवाददाता सम्मेलन कर गिरफ्तार अभियुक्तों की जानकारी देते हुए कहा कि नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सामूहिक दुष्कर्म मामले में वादिनी के शिकायत पर गुरदारी थाना में प्राथमिक अभियुक्त समीन असुर और प्रेम उरांव सहित दस लोगों के खिलाफ मारपीट कर जख्मी करने और सामूहिक दुष्कर्म करने की शिकायत की थी। शिकायत में वादिनी ने कहा है कि वह अपने चचेरा भाई और पीड़िता मौसेरी बहन के साथ दशहरा मेला देखकर जोभीपाट से पैदल लौट रही थी। अज्ञात दस युवकों ने वादिनी के चचेरे भाई को ईख के डंडा से मारकर भगा दिया। वादिनी और उसके मौसेरी बहन को मारते पीटते बक्सी पतरा ले गए और सभी ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। जब उसके भाई ग्रामीणों के साथ उन लोगों को ढूंढते हुए आए तो दुष्कर्म करने वाले लोग उन लोगों को छोड़कर भाग गए। दुष्कर्म के दौरान वादिनी ने समीन और प्रेम को पहचान कर ली थी। गुरदरी थाना में 16 अक्टूबर 2021 को धारा 307, 509, 376 डीए एवं छह पोक्सो एक्ट के तहत कांड संख्या 11 दर्ज किया है। कांड दर्ज के बाद अनुसंधान में पुलिस ने दोनों नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया और पूछताछ में सभी दसों अभियुक्तों का नाम सामने आया। जिनमें से एक ने रविवार को खुदकुशी कर ली जबकि शेष आरोपित फरार हैं।