तिरंगे प्रकाश से जगमगाता नवरत्नगढ किला बना आकर्षण का केंद्र
संवाद सूत्र सिसई(गुमला) भारत सरकार का देश में कोरोना रोधी 100 करोड़ टीकाकरण पूरा
संवाद सूत्र, सिसई(गुमला): भारत सरकार का देश में कोरोना रोधी 100 करोड़ टीकाकरण पूरा होने के उपलक्ष्य में पुरातत्व विभाग द्वारा पूरे देश भर के एक सौ स्मारकों पर विद्युत साज सज्जा किया गया। इस क्रम में गुमला जिला के सिसई प्रखंड अंतर्गत नगर में स्थित नवरत्नगढ़ किला को तिरंगे प्रकाश से सराबोर कर दिया। अंधेरी रात में किला को रौशन होने से दूर से अदभूत नजारा न केवल आकर्षण का केंद्र था बल्कि अगल-बगल के गांवों के लिए कौतूहल भी था। पहली बार इस तरह का दृश्य देख कर ग्रामीण काफी खुश थे। दूर से देखने वाले ग्रामीण नजदीक आकर किला को निहारते रहे। कई लोगों ने मोबाइल पर इस अदभूत दृश्य को कैद किया। लोगों ने सेल्फी लिया। सामूहिक फोटोग्राफी का भी दौर चलता रहा। लोगों ने सगे संबंधियों को मोबाइल पर काल कर जानकारी भी दी। फोटो भी शेयर किया। इतना ही नहीं आस पास के गांवों के लोगों को भी काल कर यह पूछते सुना गया कि किला कैसा नजर आ रहा है। मौके पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण रांची के पुरातत्व डा. एस के भगत ने बताया कि देश में सौ करोड़ आबादी का टीकाकरण होने के उपलक्ष्य में पुरातत्व विभाग द्वारा पूरे देश में सौ स्मारकों को इसी तरह से प्रकाशमय किया गया है। बड़ी बात यह है कि पूरे झारखंड में एक मात्र नवरत्नगढ़ का किला का चयन किया गया है। ऐसा कर ऐतिहासिक विरासत को स्मरण किया जा रहा है। यह किला हमारी पूर्वजों की धरोहर है। सदियों का गवाह है। मौके पर सहायक पुरातत्व विद् अजहर साबिर हंगरी परियार, सहायक पुरातत्व केके झा, सीनियर फोटोग्राफर अभिषेक कुमार, दामोदर सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।