प्रेमिका की गला दबाकर हत्या, प्रेमी गिरफ्तार
Murder of girlfriend. झारखंड के गुमला में प्रेमिका की गला दबाकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
संवाद सूत्र, रायडीह। झारखंड के गुमला में रायडीह थाना के पीहो जंगल में प्रेमी बाइस वर्षीय संजू राम ने नई प्रेमिका के चक्कर में पुरानी प्रेमिका 15 वर्षीय अलका मिंज की गला दबाकर हत्या कर दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलका का शव पीबो जंगल से बुधवार को बरामद किया।
हत्यारोपित संजू राम जशपुर जिला के आरा थाना अंतर्गत सकरडेगा गांव का रहने वाला है और वह फिलहाल भलमंडा अंबाटोली गांव के अपने जीजा रमेश गोप और बहन देवंती देवी के पास रह रहा है। इसी दौरान मरदा गांव के अजीत मिंज की बेटी अलका मिंज से उसे प्रेम हो गया। अलका इसी साल जय किसान उच्च विद्यालय से मैट्रिक की परीक्षा लिखी थी। परीक्षा लिखने के बाद अलका पालकोट थाना के करौंदाबेड़ा में रहने वाली अपने मौसी के यहां चली गई थी। 23 मार्च को वह अपने घर मरदा आई थी। 24 मार्च की सुबह सात बजे संजू राम उसके घर पहुंचा और उसके पिता के सामने ही घूमने की बात कहकर उसे ले आया।
लड़की का बाप लौटने का इंतजार करने लगा। जब लड़की के पिता अजीत मिंज ने संजू राम से अलका के नहीं लौटने के बारे में बातचीत की, तब वह आनाकानी करने लगा। 26 मार्च को अजीत मिंज ने रायडीह थाना में संजू राम के खिलाफ लड़की को भगाने और गायब करने की प्राथमिकी दर्ज कराई। रायडीह थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संजू राम को गिरफ्तार कर लिया। संजू से जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अपना दोष स्वीकार कर लिया। थाना प्रभारी ने वीडियोग्रोफी टीम के साथ संजू को पीबो गांव तक ले गई और उसकी निशानदेही पर अलका का शव बरामद किया।
प्रेमी-प्रेमिका में हो गया था विवाद
पीबो जंगल जाने के बाद प्रेमी प्रेमिका के बीच विवाद हो गया था। प्रेमिका अलका को यह पता चल गया था कि उसका प्रेमी संजू राम किसी दूसरी लड़की से भी प्यार करता है। जिसका उसने विरोध किया था। विरोध करने के कारण सजू राम ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। संजू के नई प्रेमिका के बारे में फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस संजू राम से पूछताछ कर रही है। हत्या की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है।