गुमला में पुतला फूंकने पहुंचे छात्रों को पुलिस ने रोका, हिरासत में लिए देवेंद्र उरांव को देर शाम छोड़ा
प्रतियोगी परीक्षाओं में सरकार के फैसलों और कोर्ट की रोक के विरोध में छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंकने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने रोक दिया।

हेमंत सोरेन का पुतला फूंकने पहुंचे छात्र। (जागरण)
HighLights
छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में देरी पर सीएम का पुतला फूंका।
पुलिस ने पुतला जब्त कर छात्र नेता देवेंद्र उरांव को हिरासत में लिया।
देर शाम देवेंद्र उरांव को रिहा करने के बाद छात्र शांत हुए।
संवाद सहयोगी, गुमला। जेएसएससी-सीजीएल, जेपीएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सरकार के फैसले और न्यायालय की रोक के बाद शनिवार शाम छात्रों के एक गुट ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंकने की तैयारी की।
देवेंद्र लाल उरांव के नेतृत्व में छात्र शक्ति मंदिर के समीप जुटे थे। छात्रों के जुटने की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पुतला अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। पुलिस ने प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे देवेंद्र लाल उरांव को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया।
उन्हें पुलिस वाहन से थाना ले जाने के दौरान छात्रों ने वाहन रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित कर देवेंद्र उरांव को थाना पहुंचाया।
इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र भी थाना पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। छात्रों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लगातार उठ रहे विवाद से अभ्यर्थियों में असमंजस और आक्रोश है।
वर्षों से परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। देर शाम पुलिस ने देवेंद्र उरांव को छोड़ दिया। इसके बाद छात्र वहां से चले गए।
माैके पर ज्योतिष, सुमित, शनि ठाकुर, पद्मा कुमारी समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे। एसडीपीओ सुरेश प्रसाद ने कहा कि पुतला दहन की पूर्व सूचना प्रशासन को नहीं दी गई थी। इसलिए छात्रों को पुतला दहन से रोका गया और समझाकर भेज दिया गया।
