सब्जी खेती को बढ़ावा देने के लिए 250 हेक्टेयर में होगा सब्जी का प्रत्यक्षण
संवाद सहयोगी गुमला सब्जी की खेती को बढ़ावा देने के लिए धान और दलहन फसल के बाद अब सब्जी क
संवाद सहयोगी, गुमला : सब्जी की खेती को बढ़ावा देने के लिए धान और दलहन फसल के बाद अब सब्जी की फसलों का भी प्रत्यक्षण किया जाएगा। जिला उद्यान कार्यालय द्वारा इसकी तैयारी की जा रही है। जिस तरह धान और दलहनी फसलों के उत्पादन में वृद्धि के साथ साथ तकनीकी रुप से किसान दक्ष हो रहे हैं उसी तरह अब सब्जी का उत्पादन में बढ़ोत्तरी के साथ साथ किसान दक्ष होंगे। इसके लिए उद्यान विभाग द्वारा जिला के 250 हेक्टेयर भूमि का चयन किया गया है। जहां किसान सब्जी की न केवल खेती करेंगे, बल्कि बेहतर उत्पादन के गुर सीखेंगे। जिला उद्यान विभाग द्वारा प्रत्यक्षण क्षेत्र के लिए निश्शुल्क बीज, पौधे, खाद, कीटनाशक व उपकरण उपलब्ध कराएं जाएंगे। विशेषज्ञों द्वारा किसानों को खेती के तौर तरीकों की बारीकी से जानकारी दिया जाएगा। अकसर तकनीकी जानकारी के अभाव मे किसान चाहकर भी अच्छी फसल नहीं उपजा पाते हैं। इससे उन्हें नुकसान भी होता है। लेकिन किसान मौसम के अनुसार खेती की तैयारी करें और समय समय पर इसकी देख रखे करें तो मौसम की मार से भी फसलों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है। जिला कृषि विभाग के तकनीकी विशेषज्ञ दीपक कुमार बताते हैं कि जिला उद्यान विभाग द्वारा सब्जी की खेती को बढ़ावा देने की योजना है। उद्यान विकास योजना से जिला में 250 हेक्टेयर भूमि पर सब्जी का प्रत्यक्षण किया जाएगा। जहां कृषि विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारियों द्वारा भी किसानों का मार्गदर्शन किया जाएगा। गुमला की जलवायु उद्यानी पौधो और सब्जी के लिए उपर्युक्त है। जरुरत है लोगों को तकनीकी जानकारी देकर दक्ष करने की। सब्जी का प्रत्यक्षण से किसानों को नए नए अनुभवों से गुजरने का अवसर प्राप्त होगा। उत्पादन के संभावनाओं का भी पता चल सकेगा। लोग केवल साल में एक बार धान की खेती करते हैं और शेष समय खेत बंजर पड़ा रहता है। लेकिन विभाग का प्रयास है कि धान की फसल के बाद भी लोग सब्जी खेती करें और आर्थिक रुप से मजबूत बनें।